देश

BJP के 'पसमांदा' दांव से विरोधी खेमे में हलचल, सपा विधायक का दावा- सच्चा मुसलमान भाजपा को वोट नहीं देगा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 22, 2022, 02:07 AM IST

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हाल ही में विपक्ष पर राज्य में मुसलमानों को पिछड़ा रखने का आरोप लगाया था। उन्होंने वादा किया कि उनकी पार्टी पसमांदा मुसलमानों की चौकीदार बनकर उनकी सेवा करेगी। जिसके बाद अब सपा अपने आधार वोट के खिसकने के डर से चौकस नजर आने लगी है।

Image

सपा विधायक इकबाल महमूद (फोटो- फेसबुक)

बीजेपी पूरे देश में पसमांदा मुसलमानों को अपनी ओर करने में जुटी है। यूपी में भाजपा इस मुद्दे को लेकर पूरी तरह से गंभीर दिख रही है, यही कारण है कि अब सपा को अपने वोट बैंक में सेंध लगती हुई दिख रही है। इसीलिए अब उसके नेता मुस्लिम वोट बैंक को बचाने में जुटे दिख रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के संभल से समाजवादी पार्टी के विधायक इकबाल महमूद ने कहा कि मुसलमान कभी भी भाजपा को वोट नहीं दे सकते क्योंकि वे नाथूराम गोडसे की पूजा करने वालों पर कभी भरोसा नहीं कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) पर बीजेपी की 'बी टीम' के तौर पर काम करने का भी आरोप लगाया।

लखनऊ में पसमांदा मुसलमानों के साथ भाजपा की हालिया बैठक का जिक्र करते हुए महमूद ने कहा- "एक सच्चा मुसलमान कभी भी भाजपा को वोट नहीं दे सकता। ऐसा इसलिए है क्योंकि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कभी मुसलमानों के नहीं हो सकते। मुसलमान कभी भी महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे की पूजा करने वालों पर भरोसा नहीं कर सकते।"

आगे महमूद ने दावा किया कि बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों से डरती हैं, इसलिए वह कभी भी भाजपा के खिलाफ नहीं बोलती हैं। उन्होंने कहा- "समाजवादी पार्टी एकमात्र पार्टी है जो भाजपा से लड़ रही है।"

दरअसल यूपी में मुस्लिम समाज सपा का कोर वोट बैंक रहा है। अब उसके इस वोट बैंक में शामिल पसमांदा मुस्लिम को जहां एक ओर बीजेपी तोड़ने की कोशिश में लगी है तो वहीं ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भी मुस्लिमों के मुद्दे पर सपा की आलोचना करती रही है। इससे सीधे-सीधे नुकसान सपा को होगा।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article