देश

Brijlal Khabri: कभी BSP से सांसद थे बृजलाल खाबरी, अब बने कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष, धाकड़ नेताओं से सजी मिली है टीम

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 1, 2022, 11:53 PM IST

यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने 15 मार्च को इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस के विधायकों की संख्या यूपी विधानसभा में सात से घटकर सिर्फ दो रह गई है। विधानसभा चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान सक्रिय रहने वाली प्रियंका गांधी भी अब एक्टिव नहीं दिख रही हैं।

Image

बृजलाल खाबरी बने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष (फोटो- फेसबुक)

KEY HIGHLIGHTS
  • पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली थी करारी हार
  • यूपी में सिर्फ दो सीटों पर जीत पाई थी कांग्रेस
  • तब UP में खुद प्रियंका संभाल रही थी कांग्रेस की कमान

कांग्रेस आलाकमान ने यूपी के लिए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। पिछले कई महीनों से ये कुर्सी खाली पड़ी थी। कांग्रेस ने बुंदेलखंड से आने वाले नेता बृजलाल खाबरी को यूपी की कमान सौंपी है। साथ ही छह प्रांतीय अध्यक्ष भी घोषित किए हैं।

बृजलाल खाबरी पहले बसपा में थे। मायावती की पार्टी से ही जालौन से सांसद बने थे। 2016 में बसपा से मन भरा तो कांग्रेस में आ गए। बृजलाल यूपी में दलित नेता के तौर पर जाने जाते हैं और बुंदेलखंड में उनकी अच्छी पकड़ है। हालांकि इस पकड़ के बावजूद पिछला चुनाव बुरी तरह से हार गए थे।

यूपी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले बृजलाल खाबरी बिहार कांग्रेस के सह प्रभारी भी रह चुके हैं। साथ ही दलित सेल में राष्ट्रीय अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी इनके पास रह चुकी है।

बृजलाल खाबरी के साथ कांग्रेस ने जिस टीम को यूपी की राजनीति के मैदान में उतारा है, उसमें कई बड़े नाम शामिल हैं। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में छह क्षेत्रीय प्रमुखों को नियुक्त किया। जिसमें नसीमुद्दीन सिद्दीकी, अजय राय, वीरेंद्र चौधरी, नकुल दुबे, अनिल यादव और योगेश दीक्षित के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस की ये लिस्ट ये तो साफ कर रही है कि कांग्रेस अभी से 2024 के चुनाव में जुट गई है। इनकी नियुक्तियों में जातीय समीकरण का भरपूर ध्यान रखा गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे मल्लिकार्जुन खड़गे हैं, जो दलित हैं। यूपी के प्रदेश अध्यक्ष भी अब दलित बनाए गए हैं। साथ ही जिन धाकड़ नेताओं की फौज खाबरी को दी गई है, उसमें अजय राय भूमिहार जाति से हैं, जिनकी संख्या पूर्वांचल में अच्छी खासी है। अजय राय भी इसी इलाके से आते हैं। दूसरा नाम नसीमुद्दीन सिद्दीकी का है, जो यूपी में मुस्लिम चेहरे के तौर पर जाने जाते हैं, ये भी पहले बसपा के बहुत बड़े नेता थे।

इसके बाद नाम आता है, वीरेंद्र चौधरी का, जो अभी वर्तमान में कांग्रेस से विधायक है, ओबीसी से आते हैं। यूपी में कांग्रेस की लाज बचाने वाले दो विधायकों में से एक हैं। नकुल दुबे भी बसपा से कांग्रेस में आए थे। ये भी यूपी में पकड़ वाले नेता के तौर पर जाने जाते हैं। अनिल यादव सपा से कांग्रेस में आए हैं। कभी अखिलेश के करीबी थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article