Ketan Agarwal Murder Case: केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नई जानकारियां सामने आ रही हैं। पुलिस इस मामले में सभी साक्ष्य जुटा रही है। इस बीच लोनावाला ग्रामीण पुलिस गुरुवार को सियो को लेकर उसके घर गई। केतन की हत्या के बाद पुलिस टीम आरोपी की मौजूदगी में पंचनामा करने के लिए उसके घर पहुंची। पुलिस टीम सिया के कपड़ों, मोबाइल फोन और दूसरी चीजों का पंचनामा करना चाहती है। 18 जून को हुई घटना के बाद, पुलिस सिया के घर यह जांच करने गई कि क्या सिया ने कोई सबूत मिटाया है? या मामले से जुड़ा कोई साक्ष्य अपने घर पर छिपाया है।
केतन का फोन सिया के पास था या नहीं?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सिया ने केतन को लोहागढ़ किले ले जाने से पहले उसका सेल फोन उसके परिवार वालों को दिया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि चट्टान से धक्का दिए जाने के बाद केतन का फोन सिया के पास था या नहीं। पुलिस को शक है कि केतन के परिवार के किले पर पहुंचने से पहले सिया ने केतन के फोन से डेटा डिलीट कर दिया है। यह डेटा केस की जांच में अहम सबूत के तौर पर काम आ सकता था।
पुलिस अब केतन का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजेगी। पुलिस यह भी समझना चाहती है कि धक्का दिए जाने से पहले केतन का मोबाइल सिया के पास कैसे आया।
18 जून को सिया ने जो कपड़े पहने थे, पुलिस ने बरामद किया
महाराष्ट्र पुलिस सिया को पुणे के उस स्थान पर ले गई, जहां उसने और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर यह साजिश रची थी कि रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से नीचे कैसे धक्का देना है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया गोयल के घर की तलाशी के दौरान वे कपड़े भी बरामद किए हैं, जिन्हें उसने 18 जून को घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था। सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले की पहाड़ी से केतन अग्रवाल (25) को धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।
खुले स्थान पर केतन को धक्का देने की साजिश रची-पुलिस
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी इसी वर्ष नवंबर में होने वाली थी। कथित हत्या के बाद पुलिस ने सिया और चेतन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों तीन जुलाई तक पुलिस हिरासत में हैं। पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, 'जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन ने लुल्लानगर स्थित एक क्लब के पास खुले स्थान पर यह साजिश रची थी कि केतन को लोहागढ़ किले की पहाड़ी से कैसे धक्का देना है। इसी सिलसिले में आज सिया को उस स्थान पर ले जाया गया।’ अधिकारी ने बताया कि सिया के घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने वे कपड़े भी बरामद कर लिए, जिन्हें उसने घटना वाले दिन कथित तौर पर पहना था।
बातचीत में चेतन का जिक्र करती थी सिया-केतन के पिता
पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी ने इसलिए केतन अग्रवाल की हत्या की, क्योंकि वह उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। पुलिस बुधवार को सह-आरोपी चेतन चौधरी को भी घटनास्थल पर लेकर गई थी, जहां अपराध के घटनाक्रम को समझने के लिए दृश्यों का रूपांतरण किया। इससे पहले रविवार को पुलिस सिया को भी घटनास्थल पर ले गई थी। उस दौरान उसकी मौजूदगी में एक पुतले को खाई में धक्का देकर कथित घटनाक्रम को दोहराया गया था। पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने अपनी शिकायत में कहा था कि उनके बेटे ने कई बार सिया की चेतन चौधरी से बढ़ती नजदीकियों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि सिया अक्सर अपनी बातचीत में चेतन का जिक्र किया करती थी।
