Telangana SIR: तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) सी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया अप्रैल-मई के दौरान किए जाने की संभावना है। उन्होंने गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ लेवल एजेंट (BLA) को प्राथमिकता के तौर पर मतदान केंद्र के स्थानीय क्षेत्र से ही नियुक्त किया जाना चाहिए और उन्हें बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ समन्वय में काम करना चाहिए।
कितने राज्यों में चल रहा SIR?
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों को बताया कि वर्तमान में 12 राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया जारी है और तेलंगाना समेत शेष राज्यों के लिए एसआईआर कार्यक्रम अप्रैल-मई 2026 में घोषित किए जाने की संभावना है। गुरुवार देर रात जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, सीईओ ने बताया कि एसआईआर की अधिसूचना जारी होने के बाद सीमित समय मिलने को देखते हुए राज्य में इसकी तैयारी पहले ही शुरू कर दी गई है।
सीईओ ने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि आगामी एसआईआर से पहले प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए कम से कम एक बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में मजबूत बूथ-स्तरीय समन्वय बेहद अहम होगा। रेड्डी ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर कम से कम एक बीएलए की नियुक्ति जरूरी है, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्ध रूप से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ प्रत्येक मतदान क्षेत्र में तीन-चार बार दौरा करेंगे।
'जल्द से जल्द BLOs की हो नियुक्ति'
सीईओ ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों के लिए बीएलए की नियुक्ति जल्द से जल्द पूरी की जानी चाहिए। प्रभावी बूथ-स्तरीय भागीदारी से समन्वय मजबूत होगा, शिकायतें कम होंगी और यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई भी पात्र का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे। बैठक में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी वासम वेंकटेश्वर रेड्डी, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरि सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
