देश

सुरंग से बाहर निकाले गए 41 मजदूरों से पीएम मोदी ने की फोन पर बात, सभी के धैर्य और साहस की तारीफ की

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Nov 29, 2023, 09:02 AM IST

Silkyara Tunnel Rescue Operation Success: सिल्कयारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के कुछ घंटों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी मजदूरों से बात की। उनके परिवारों के धैर्य और साहस की तारीफ की।

Image

पीएम मोदी ने सुरंग से निकाले गए मजदूरों से बात की

Silkyara Tunnel Rescue Operation Success: सिल्कयारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के कुछ घंटों बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बचाए गए लोगों से फोन पर बात की। 17 दिनों के बाद ढही सुरंग से बचाए गए सभी 41 लोगों को लाया जा चुका है। मजदूरों के सुरक्षित बचाव पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने सिल्कयारा सुरंग ऑपरेशन में शामिल बचावकर्मियों की बहादुरी और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मजदूरों को नई जिंदगी दी है। जो पिछले 17 दिनों से सुरंग में फंसे हुए थे। उन्होंने कहा कि मिशन ने मानवता और टीम वर्क का उदाहरण स्थापित किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तरकाशी में हमारे मजदूर भाइयों के रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता हर किसी को भावुक कर रही है। टनल में फंसे साथियों से मैं कहना चाहता हूं कि आपका साहस और धैर्य हर किसी को प्रेरित कर रहा है। मैं आप सभी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह बहुत संतोष की बात है कि लंबे इंतजार के बाद हमारे ये दोस्त अब अपने प्रियजनों से मिलेंगे। इस चुनौतीपूर्ण समय में इन सभी परिवारों ने जो धैर्य और साहस दिखाया है। उसकी कितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम है।

ये हैं सुरंग से निकाले गए सभी श्रमिक- विश्वजीत कुमार, सुबोध कुमार, राजेंद्र बेदिया, सुकराम, टिंकू सरदार, गुणोधर, समीर, रवींद्र, रंजीत, महादेव, भुक्तु मुर्मू, जमरा ओरांव, विजय होरो, गणपति - सभी झारखंड से। गब्बर सिंह नेगी और पुष्कर - दोनों उत्तराखंड से। सबा अहमद, सोनू साह, वीरेंद्र किस्कू, और सुशील कुमार - सभी बिहार से। मनीर तालुकदार, सेविक पखेरा, और जयदेव परमानिक - सभी पश्चिम बंगाल से। अखिलेश कुमार, अंकित, राम मिलन, सत्य देव, संतोष, जय प्रकाश , राम सुंदर, और मंजीत - सभी उत्तर प्रदेश से। तपन मंडल, भगवान बत्रा, विशेशर नाइक, राजू नाइक, और धीरेन - सभी ओडिशा से। संजय और राम प्रसाद असम से और विशाल हिमाचल प्रदेश से। इससे पहले दिन में, पीएम मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फोन किया था और सिल्कयारा सुरंग से 41 श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री से मजदूरों के बारे में जानकारी ली।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article