PM Modi Sikkim Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दो दिवसीय सिक्किम दौरे को लेकर राज्य प्रशासन ने पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। गंगटोक स्थित पर्यटन भवन की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि जो पर्यटक अभी गंगटोक में रुके हुए हैं और 28 अप्रैल को रवाना होने वाले हैं, वे सुबह 6 बजे तक शहर छोड़ दें।
PM मोदी का दो दिवसीय दौरा
पीएम मोदी 27 और 28 अप्रैल 2026 को सिक्किम के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान राज्य के स्वर्ण जयंती वर्ष यानी राज्य गठन के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पीएम मोदी के 27 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे लिबिंग हेलीपैड पर पहुंचने की संभावना है, जहां से लोक भवन तक एक भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद, 28 अप्रैल को पीएम मोदी पालजोर स्टेडियम (Paljor Stadium) में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस दौरान, पीएम मोदी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए बनाए गए सेंटर भी शामिल हैं।
CM तमांग ने PM मोदी को दिया था न्योता
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने पीएम नरेंद्र मोदी ने मुलाकात कर स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होने का न्योता दिया था। उन्होंने 8 अप्रैल को पीएम मोदी के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की थी। उन्होंने बताया था कि पीएम मोदी के साथ मुलाकात में उन्होंने सिक्किम की विकास की मुख्य प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी और राज्य बनने की स्वर्ण जयंती समारोह के लिए आमंत्रित किया, जिसे पीएम मोदी ने सहर्ष स्वीकार किया। इस दौरान, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की थी और कृषि संबंधी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
