देश

'क्या हमें बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करनी चाहिए...', पूर्व उपराष्ट्रपति को लेकर सिब्बल ने क्यों कही यह बात?

Vice President Election Row: पूर्व कानून मंत्री और राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल उठाते हुए शनिवार को कहा कि उन्होंने फिल्म 'लापता लेडीज' के बारे में सुना है, लेकिन 'लापता उपराष्ट्रपति' के बारे में कभी नहीं सुना। सिब्बल ने कहा कि हमें क्या करना चाहिए? क्या हमें बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करनी चाहिए?

Image

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (बाएं) और राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल (दाएं) (फोटो साभार: @KapilSibal)

Photo : Twitter

Vice President Election Row: पूर्व कानून मंत्री और राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल उठाते हुए शनिवार को कहा कि उन्होंने फिल्म 'लापता लेडीज' के बारे में सुना है, लेकिन 'लापता उपराष्ट्रपति' के बारे में कभी नहीं सुना। सिब्बल ने गृह मंत्री अमित शाह से धनखड़ के स्वास्थ्य और कुशलक्षेम को लेकर चिंताओं को दूर करने के लिए उनकी स्थिति और वह कहां है इस संबंध में बयान देने का आग्रह किया।

धनखड़ ने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, विपक्षी नेताओं ने दावा किया कि उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। सिब्बल ने कहा, "22 जुलाई को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफा दे दिया । उस दिन से हमें नहीं पता कि वह कहां हैं। वह अपने आधिकारिक आवास में नहीं हैं। पहले दिन मैंने उनसे संपर्क करने की कोशिश की और उनके निजी सचिव ने फोन उठाया और कहा कि वह आराम कर रहे हैं।"

राज्यसभा सदस्य ने कहा कि कई राजनीतिक सहयोगी भी धनखड़ से संपर्क नहीं कर पाए हैं। किरण राव निर्देशित फिल्म 'लापता लेडीज' का हवाला देते हुए सिब्बल ने कहा, "मैंने 'लापता लेडीज़' के बारे में तो सुना है, लेकिन 'लापता उपराष्ट्रपति' के बारे में कभी नहीं सुना।" सिब्बल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि धनखड़ उपराष्ट्रपति थे और उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में सरकार का समर्थन किया, लेकिन अब लगता है कि विपक्ष को उनका बचाव करना होगा।

सिब्बल ने कहा कि हमें क्या करना चाहिए? क्या हमें बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करनी चाहिए? उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय को धनखड़ की मौजूदा स्थिति के बारे में पता होगा और अमित शाह को बयान देना चाहिए कि वह कहां हैं, क्योंकि उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है। सिब्बल ने कहा, "तो क्या वह कहीं इलाज करा रहे हैं? उनके परिवार के लोगों ने भी कुछ नहीं कहा है। मामला क्या है? हमने ऐसी बातें केवल दूसरे देशों में ही सुनी हैं, लेकिन भारत लोकतांत्रिक देश है, इसलिए ऐसी बातें सार्वजनिक होनी चाहिए।"

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मेरे उनके (धनखड़) साथ बहुत अच्छे व्यक्तिगत संबंध थे। वह भी वकील थे और उन्होंने कई मामलों में पैरवी की। मैं चिंतित हूं। यह अच्छा नहीं लगता कि मैं जाकर प्राथमिकी दर्ज कराऊं। उनसे, उनके दोस्तों, परिवार से कोई सूचना नहीं मिली है।" सिब्बल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पूछा, ''क्या हमें बताया जा सकता है: वह कहां हैं? क्या वह सुरक्षित हैं?'' उन्होंने पोस्ट किया, "उनसे संपर्क क्यों नहीं हो रहा है? अमित शाह जी को पता होना चाहिए! वह उपराष्ट्रपति थे; देश को चिंतित होना चाहिए!"

सनद रहे कि धनखड़ (74) ने अगस्त 2022 में पदभार ग्रहण किया और उनका कार्यकाल 2027 तक था। धनखड़ राज्यसभा के सभापति भी थे और उन्होंने संसद के मानसून सत्र के पहले दिन इस्तीफा दे दिया। धनखड़ की हाल में दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में एंजियोप्लास्टी हुई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article