देश

'पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई ताकि उनकी हत्या हो जाए', राहुल गांधी का बड़ा आरोप, सोनिया की किताब पर खुलकर बोले

वीडियो में सोनिया गांधी 1991 के उस घटनाक्रम को याद करती हैं, जब राजीव गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष थे और प्रचार के लिए बिहार गए थे। सोनिया के मुताबिक, वह बेहद खराब दौरा था, .....

Image

राहुल गांधी का बड़ा दावा(X/@RahulGandhi)

सोनिया गांधी के संस्मरण को लेकर जारी एक नए वीडियो में राहुल गांधी ने अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से पहले सुरक्षा हटाए जाने को लेकर गंभीर आरोप लगाया है। वीडियो में राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। राहुल का दावा है कि राजीव गांधी की सुरक्षा कोई संयोग नहीं, बल्कि सोची-समझी मंशा के तहत हटाई गई थी ताकि उनकी जान जा सके।

1991 के बिहार दौरे का जिक्र और राहुल की चेतावनी

वीडियो में सोनिया गांधी 1991 के उस घटनाक्रम को याद करती हैं, जब राजीव गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष थे और प्रचार के लिए बिहार गए थे। सोनिया के मुताबिक, वह बेहद खराब दौरा था, जहां खुली जीप में मौजूद राजीव गांधी पर पत्थर फेंके गए और नारेबाजी हुई। सोनिया गांधी ने कहा कि जब सुरक्षा कम हो और किसी ऐसे राज्य में जाएं जहां विपक्ष या भाजपा की सरकार हो, तो सुरक्षा को लेकर वह गंभीरता नहीं दिखती।

उनके अनुसार, राहुल उस दौरे में अपने पिता के साथ थे और उन्होंने पत्थरबाजी व हंगामा देखा था। घर लौटने पर राहुल ने उनसे कहा था, "मम्मा, अगर हमने पापा की सुरक्षा को लेकर कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि मैं बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आऊंगा।"

"वह संयोग नहीं था, माहौल बनाया गया"

राहुल गांधी ने बिहार के उस दौरे को निर्णायक मोड़ बताते हुए कहा कि वे पहले से ही इस खतरे को लेकर आगाह कर रहे थे। राहुल के मुताबिक, "पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई ताकि उनकी हत्या हो जाए। उनकी सुरक्षा हटाना सिर्फ कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि यह जानबूझकर किया गया ताकि वे मारे जाएं। उनके मारे जाने का माहौल बनाया गया। जो चल रहा था, वह साफ दिख रहा था। मैंने इस बारे में अपने पिता से भी कहा था और मां से भी कहा था। इस पर मेरी अपने पिता से बहस भी हुई थी।"

प्रियंका गांधी ने साझा की पुरानी यादें

बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने बताया कि 1984 में दादी इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी पिता की सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क और चिंतित रहती थीं, वे कंटीली तारों की जांच करती थीं और देखती थीं कि गार्ड सो तो नहीं रहे हैं। प्रियंका के मुताबिक, उनका कमरा घर के आगे था और वे पिता के कदमों की आहट सुने बिना नहीं सोती थीं। उन्होंने कहा कि पिता की मौत को लेकर राहुल के निष्कर्ष तार्किक थे, जबकि उनकी अपनी प्रतिक्रिया पूरी तरह भावनात्मक थी।

21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या

1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद प्रधानमंत्री बने राजीव गांधी 1989 के चुनाव हार गए थे। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव और चुनाव प्रचार के दौरान कम सुरक्षा के बीच 5 मई 1991 को बिहार की एक रैली में उन्होंने कहा था कि खतरा कम नहीं हुआ है, लेकिन प्रचार और सुरक्षा के बीच विकल्प चुनना पड़ता है। इसके कुछ ही दिन बाद, 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक बम धमाके में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article