Ram Mandir Donation Row: राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर अब शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने नई लड़ाई का ऐलान कर दिया है। ठाकरे ने महाराष्ट्र में पांच जुलाई से ’राम रक्षा’ आंदोलन शुरू करने की घोषणा की और लोगों से अयोध्या के प्रतिष्ठित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मामले में भाजपा को जवाबदेह ठहराने के लिए इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
रविवार से आंदोलन की शुरुआत
ठाकरे ने कहा कि रविवार को लोग मध्य मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर में एकत्र होंगे, जहां हनुमान स्तोत्र और हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में हुई चोरी की जिम्मेदारी लेने के लिए भारतीय जनता पार्टी पर दबाव बनाएंगे। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ’’मैं राम मंदिर में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर हुई इस चोरी से आक्रोशित सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे हमारे साथ जुड़ें और इसके लिए भाजपा को जवाबदेह ठहराएं।’’
भाजपा पर बोला हमला
ठाकरे ने दावा किया कि देशभर में लोग अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन केंद्र और कई राज्यों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद जनसरोकारों के मुद्दों के प्रति अराजकता और उदासीनता का माहौल है। उन्होंने कहा कि अविभाजित शिवसेना के कार्यकर्ता समेत अनेक हिंदुओं ने राम मंदिर आंदोलन में भाग लिया था और कारसेवकों पर हुए अत्याचार, गोधरा ट्रेन कांड, अहमदाबाद दंगे तथा मुंबई सिलसिलेवार बम विस्फोटों जैसी घटनाओं की पीड़ा झेली। लेकिन भाजपा ने इन घटनाओं का राजनीतिक लाभ उठाया और अब बेलगाम सत्ता का आनंद ले रही है।
सजा की मांग
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर विपक्षी विधायकों की खरीद-फरोख्त कराने का भी आरोप लगाया और सवाल किया कि क्या सत्तारूढ़ दल ऑपरेशन राम मंदिर चला रहा है। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के गबन को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर लगाए जा रहे आरोपों की बात करते हुए ठाकरे ने सवाल किया कि क्या कथित रूप से चोरी किया गया धन विपक्षी नेताओं को अपने पाले में लाने के लिए इस्तेमाल किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रसिद्ध कथन अब हिंदू मार नहीं खाएगा का उल्लेख करते हुए ठाकरे ने कहा, "अब मैं कहना चाहता हूं- ’अब हिंदू माफ नहीं करेगा।’’
उन्होंने राम मंदिर के दानपात्रों से कथित चोरी में शामिल लोगों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा कि हिंदुत्व के नाम पर लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा का नारा ’’मंदिर वहीं बनाएंगे’’ महज एक दिखावा साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में शामिल लोगों के बलिदान को व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा।
