देश

जिस स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर सवार थे RSS चीफ मोहन भागवत, उसी ट्रेन पर हुआ पथराव; हिरासत में एक संदिग्ध

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में गुरुवार शाम करीब 7:15 से 7:20 बजे के बीच कानपुर से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर अज्ञात उपद्रवियों द्वारा पथराव किया गया। यह घटना इसलिए बेहद गंभीर है क्योंकि इस ट्रेन के एग्जीक्यूटिव क्लास (E-1 कोच) में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सवार थे और उपद्रवियों ने इसी कोच को निशाना बनाया। पथराव के कारण सीट नंबर-50 के पास की खिड़की का बाहरी शीशा चटक गया, लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत ट्रेन को बीच रास्ते में नहीं रोका गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

Image

जिस ट्रेन पर सवार थे मोहन भागवत, उसी ट्रेन पर पथराव।

Photo : ANI

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के टूंडला रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात उपद्रवियों ने स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस (Shatabdi Express) पर पथराव किया। गौरतलब है कि इस ट्रेन से आरएसएस प्रमुख (सरसंघचालक) मोहन भागवत सफर कर रहे थे। वहीं, जिस कोच को निशाना बनाया गया, उसी में वो सवार थे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई। यह घटना गुरुवार शाम करीब 7:15 से 7:20 बजे घटी।

एग्जीक्यूटिव क्लास के E-1 कोच को बनाया गया निशाना

बता दें कि जब ट्रेन कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी, तभी फिरोजाबाद रेल खंड के मक्खनपुर स्टेशन को पार करने के बाद रसूलपुर और दक्षिण थाना क्षेत्र की सीमा पर पेमेश्वर गेट के पास अचानक ट्रेन पर किसी ने पथराव किया। पत्थर एग्जीक्यूटिव क्लास के E-1 कोच की खिड़की से टकराया। पत्थर लगने से सीट नंबर-50 के पास का बाहरी शीशा चटक गया।

हमले के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए ट्रेन को बीच रास्ते में कहीं भी नहीं रोका गया। घटना के बाद आगरा जोन के एडीजी एस.के. भगत, आगरा रेंज के डीआईजी शैलेंद्र पांडे और फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्. लांग्हे मौके पर पहुंचे।

हिरासत में एक संदिग्ध

रेलवे ट्रेक के आसपास के करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद रात करीब 12 बजे तीन किशोरों की पहचान की गई। फिलहाल पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article