देश

IPS का 'रिश्वत' लेने का वीडियो शेयर कर बोले अखिलेश यादव-क्या इनके खिलाफ भी चलेगा 'बुलडोजर'-Video

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Mar 13, 2023, 12:26 AM IST

UP IPS Anirudh Singh bribe case: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश ने किया एक आईपीएस अधिकारी का 'रिश्वत' लेने का वीडियो शेयर किया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

Image

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश

KEY HIGHLIGHTS
  1. IPS अधिकारी अनिरुद्ध सिंह का एक कथित वीडियो संडे को मीडिया में आया
  2. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले पर सरकार को घेरते हुए ट्वीट किया
  3. उन्होंने 10 सेंकेंड का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर किया

UP IPS bribe video: भारतीय पुलिस सेवा के एक अधिकारी (IPS Anirudh Singh) द्वारा एक व्यवसायी से पैसे मांगने का पुराना वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या वह इस अधिकारी के खिलाफ 'बुलडोजर' चलाएंगे।वीडियो आने के बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।

आईपीएस अधिकारी अनिरुद्ध सिंह का एक कथित वीडियो रविवार को मीडिया में आया जिसमें वह वीडियो कॉल पर किसी से 20 लाख रुपये की व्यवस्था करने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। उक्त वीडियो उस समय का बताया जा रहा है जब सिंह मेरठ जिले में तैनात थे। हालांकि, मेरठ पुलिस ने ट्विटर पर अपने जवाब में कहा है, "यह वीडियो दो साल से अधिक पुराना है और इसका मेरठ से कोई संबंध नहीं है। मामले की जांच पूरी कर ली गई है।"

अखिलेश यादव ने इस मामले पर सरकार को घेरते हुए किया ट्वीट

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले पर सरकार को घेरते हुए ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कहा, 'उप्र में एक आईपीएस की वसूली के इस वीडियो के बाद क्या बुलडोज़र की दिशा उनकी तरफ़ बदलेगी या फिर फ़रार आईपीएस की सूची में एक नाम और जोड़कर संलिप्त भाजपा सरकार ये मामला भी रफ़ा-दफ़ा करवा देगी।'

उन्होंने 10 सेंकेंड का एक वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा है, 'उत्तर प्रदेश की जनता देख रही है कि यह है अपराध के प्रति भाजपा की झूठी ज़ीरो टालरेंस की सच्चाई।'

इस बीच उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, 'मेरठ जिले में एसपी ग्रामीण के पद पर नियुक्त आईपीएस अधिकारी अनिरुद्ध सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे वीडियो कॉल के जरिए एक व्यक्ति से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। उक्त वीडियो के आधार पर सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं।'

अनिरुद्ध सिंह इस वक्त वाराणसी में तैनात

बयान में कहा गया है, "यह मामला दो साल पुराना है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने आयुक्त वाराणसी से इस बारे में पूछा है और तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है।"एक अन्य ट्वीट में आरोप लगाया गया है कि सिंह की पत्नी ने मकान मालिक को किराया नहीं दिया है। इस मामले की भी जांच शुरू की गई है।पुलिस महानिदेशक कार्यालय के मुताबिक वाराणसी में वरुण आरोन की पुलिस उपायुक्त के रूप में तैनात आईपीएस अधिकारी आरती सिंह के बारे में एक ट्वीट प्राप्त हुआ है जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने मकान मालिक को फ्लैट का किराया नहीं दिया है।

आरती सिंह अनिरुद्ध सिंह की पत्नी हैं

पुलिस महानिदेशक कार्यालय के अनुसार, 'आरती सिंह अनिरुद्ध सिंह की पत्नी हैं। इस संबंध में जानकारी करने पर पता चला है कि आरती ने मकान का किराया चुका दिया है और कोई बकाया नहीं है, लेकिन इस मामले में भी पुलिस ने मुख्यालय ने आयुक्त वाराणसी से मामले की जांच करने और तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देने को कहा है'

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article