Payal Mehta Passes Away: देश की जानी-मानी वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का मुंबई में अचानक निधन हो गया। उनके सहयोगियों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात मुंबई प्रवास के दौरान उन्हें अचानक काफी बेचैनी महसूस हुई। इसके बाद तड़के करीब 2 बजे उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के इलाज शुरू करने से पहले ही उनकी नब्ज थम चुकी थी और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पायल मेहता को भारतीय राजनीति और संसद की कार्यवाही की गहरी समझ रखने वाली एक धुरंधर, निष्पक्ष और समर्पित पत्रकार माना जाता था।उनके अचानक चले जाने की खबर से पत्रकारिता जगत और राजनीतिक गलियारों में गहरा शोक फैल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने दुख जताते हुए कहा कि पायल मेहता (Payal Mehta ka Nidhan) एक बेहद मेहनती पत्रकार थीं, जो जमीन से जुड़ी रहकर राष्ट्रीय मुद्दों की समझ को अपनी रिपोर्टिंग में लाती थीं। उन्होंने कहा कि अपने बेहतरीन काम के साथ-साथ वे अपनी दयालुता और आत्मीय स्वभाव के लिए हमेशा याद की जाएंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'अपनी मर्जी से साथ रहना मौलिक अधिकार', समलैंगिक जोड़े को इलाहाबाद HC की राहत, पुलिस को दिए अहम निर्देश
सुबह से लेकर देर रात तक मुस्तैद रहकर पूरी लगन से करती थीं काम-राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस क्षति को अपूरणीय बताते हुए कहा कि पायल ने पूरी निष्ठा और पेशेवर भावना के साथ संसद बीट को कवर किया। संसद सत्र के दौरान वह सुबह से लेकर देर रात तक मुस्तैद रहकर पूरी लगन से काम करती थीं। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनके परिजनों और सहकर्मियों को यह कठिन समय सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
सीनियर जर्नलिस्ट नाविका कुमार ने भी जताया खेद
पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनकी सटीक रिपोर्टिंग और सत्यनिष्ठा ने राजनीतिक पत्रकारिता में एक नया मानदंड स्थापित किया। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में पायल के पिता का भी निधन हुआ था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वरिष्ठ पत्रकार नाविका कुमार ने भी भावुक होकर लिखा कि पायल हमेशा मुस्कुराने वाली और ऊर्जा से भरपूर साथी थीं, जिनका इतनी कम उम्र में चले जाना स्तब्ध करने वाला है।
