देश

राघव संग AAP छोड़ने वाले सांसदों को नहीं घोषित किया अयोग्य तो जाएंगे सुप्रीम कोर्ट; संजय सिंह ने बताया फ्यूचर प्लान

आज राज्यसभा के सभापति ने आप छोड़ने वाले सातों सांसदों के भाजपा में विलय को औपचारिक रुप से स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद अब राज्यसभा में भाजपा के 113 सांसद हो गए हैं और आप के 10 सांसदों में से तीन रह गए हैं।

Image

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह (फोटो साभार: @SanjayAzadSln)

Photo : Twitter

राघव चड्ढा के सात सांसदों संग अचानक आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने से शुरू हुआ सियासी तूफान बढ़ता ही जा रहा है। अब आम आदमी पार्टी ने सोमवार को कहा कि अगर उसके सात पूर्व सांसदों को दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित नहीं किया गया तो वह सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगी।

भाजपा में विलय को किया गया स्वीकार

बता दें कि आज राज्यसभा के सभापति ने इन सांसदों के भाजपा में विलय को स्वीकार कर लिया है। जिसके बाद अब राज्यसभा में 113 सांसद हो गए हैं और आप के 10 सांसदों में से तीन रह गए हैं। सभापति के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा कि उन सात सांसदों ने भाजपा में अपने विलय को मान्यता देने के लिए पत्र दिया था जिसे स्वीकार कर लिया गया।

हमारी आपत्तियों को सुना ही नहीं गया

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की आपत्तियों और संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत उनकी अयोग्यता की मांग पर कोई विचार नहीं किया गया। संजय सिंह ने कहा कि सभापति ने उन सात सांसदों के पत्र पर संज्ञान लिया और उसी के आधार पर उनके विलय को स्वीकार कर लिया। लेकिन हमारी आपत्तियों और दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की हमारी मांग पर कोई विचार ही नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि पार्टी को उम्मीद है कि जब उनके पत्र पर विचार किया जाएगा,तो सभापति संविधान और लोकतंत्र के पक्ष में फैसला लेते हुए उन सात सदस्यों को अयोग्य ठहराएंगे। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है,तो हम अदालत जाएंगे। इस तरह से किसी पार्टी को तोड़ना गलत है।

गौरतलब है कि इससे पहले संजय सिंह ने रविवार को राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर इन सात सदस्यों को अयोग्य घोषित करने की मांग की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि उनका कदम संविधान के दलबदल विरोधी प्रावधानों का उल्लंघन है।

सात सांसदों ने एक साथ छोड़ दी थी पार्टी

बीते शुक्रवार को आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका तब लगा था जब उसके 10 में से 7 राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा,अशोक मित्तल,संदीप पाठक,हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता,विक्रमजीत साहनी और स्वाति मालीवाल ने आप को छोड़ दिया था और वे भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अपने सिद्धांतों, मूल्यों और बुनियादी नैतिकता से भटक गई है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article