Samajwadi Party: समाजवादी पार्टी ने तीन विधायकों को पार्टी से निष्कासित किया है। पार्टी ने निष्कासित नेताओं पर किसान विरोधी, महिला विरोधी, युवा विरोधी, व्यापार विरोधी, रोजगार विरोधी और हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों के खिलाफ़ ताकतों का समर्थन करने का आरोप लगाया। नोट के अंत में लिखा गया कि आप जहां भी हों, भरोसेमंद बने रहें।
इसलिए किया पार्टी से बर्खास्त
पार्टी ने एक्स पर लिखा, समाजवादी सौहार्दपूर्ण सकारात्मक विचारधारा की राजनीति के विपरीत साम्प्रदायिक विभाजनकारी नकारात्मकता व किसान, महिला, युवा, कारोबारी, नौकरीपेशा और ‘पीडीए विरोधी’ विचारधारा का साथ देने के कारण, समाजवादी पार्टी जनहित में इन तीन विधायकों को पार्टी से निष्कासित करती है।
सपा ने लिखा- ये विधायक हैं, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह और ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पाण्डेय। इन लोगों को हृदय परिवर्तन के लिए दी गई ‘अनुग्रह-अवधि’ की समय-सीमा अब पूर्ण हुई, शेष की समय-सीमा अच्छे व्यवहार के कारण शेष है। भविष्य में भी ‘जन-विरोधी’ लोगों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं होगा और पार्टी के मूल विचार की विरोधी गतिविधियाँ सदैव अक्षम्य मानी जाएंगी। जहां रहें, विश्वसनीय रहें।
