देश

'पाकिस्तान मुझे घर जैसा लगता है', राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा के बयान पर बरपा हंगामा, BJP बोली- कोई शक नहीं कि 26/11...

Sam Pitroda On Pakistan: कांग्रेस नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने हाल ही में कहा कि वे जब पाकिस्तान और बांग्लादेश गए तो उन्हें “घर जैसा महसूस” हुआ। उन्होंने भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच साझा संस्कृति और सामाजिक रिश्तों की बात करते हुए पड़ोसी देशों के साथ बेहतर संबंधों की वकालत की। बीजेपी ने उनके इस बयान को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोला और सवाल उठाया कि कांग्रेस नेताओं को हमेशा पाकिस्तान की तरफ झुकाव क्यों दिखता है।

Image

पाकिस्तान पर टिप्पणी कर फिर विवादों में घिरे सैम पित्रोदा।(फोटो सोर्स: IANS)

Photo : IANS

Sam Pitroda On Pakistan: विवादों से घिरे रहने वाले कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने एक बार फिर अजीबोगरीब टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश घर जैसा लगता है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए पित्रोदा ने कहा, "मेरे अनुसार, हमारी विदेश नीति को सबसे पहले अपने पड़ोस पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। क्या हम वास्तव में अपने पड़ोसियों के साथ संबंधों में काफी सुधार कर सकते हैं? मैं पाकिस्तान गया हूं, और मैं आपको बता दूं, मुझे वहां घर जैसा महसूस हुआ। मैं बांग्लादेश गया हूं, मैं नेपाल गया हूं, और मुझे वहां घर जैसा महसूस हुआ। मुझे ऐसा नहीं लगता कि मैं किसी विदेशी देश में हूं।"

सैम पित्रोदा के इस बयान पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, "राहुल गांधी के चहेते और कांग्रेस के ओवरसीज प्रमुख सैम पित्रोदा कहते हैं कि उन्हें पाकिस्तान में 'घर जैसा' महसूस हुआ। कोई आश्चर्य नहीं कि यूपीए ने 26/11 के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। पाकिस्तान का चहेता, कांग्रेस का चुना हुआ!"

चीन पर भी विवादित टिप्पणी कर चुके हैं पित्रोदा

इससे पहले सैम पित्रोदा ने चीन को लेकर बयान दिया था, जिसपर विवाद खड़ा हो गया था। उन्होंने कहा था कि चीन से खतरे को अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। सैम पित्रोदा ने ये भी सुझाव दिया था कि भारत को चीन को दुश्मन मानना बंद करना चाहिए और सहयोग पर ध्यान देना चाहिए. इस बयान से कांग्रेस ने खुद को अलग कर लिया था और कहा था कि यह उनका निजी बयान है। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि पूर्वोत्तर के लोग चीनी जैसे दिखते हैं और दक्षिण के लोग अफ्रीकी जैसे लगते हैं। इस बयान पर भी भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया था।

बीजेपी का सीधा हमला

बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और गांधी परिवार पर करारा वार किया।राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा “देशवासी जानते हैं कि पहलगाम आतंकी हमला पाकिस्तान ने कराया था। उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। ऐसे में क्या कोई देशभक्त कह सकता है कि आतंकी मुल्क पाकिस्तान उनके लिए घर जैसा है? लेकिन राहुल गांधी के करीबी पित्रोदा ऐसा कहते हैं, तो समझिए यह सोनिया गांधी की सोच है।”

भंडारी ने आगे कहा , “यह बयान शहीद सैनिकों का अपमान है। राहुल गांधी देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस और गांधी परिवार आतंकियों के प्रति नरमी क्यों दिखाते हैं? यह बयान सिर्फ पित्रोदा का नहीं है, यह गांधी परिवार और कांग्रेस की असली नीयत है।”

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article