देश

क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है...सलमान खुर्शीद ने दिखाया कांग्रेस को आईना

खुर्शीद ने रविवार को इंडोनेशिया में थिंक टैंक के साथ बातचीत के दौरान कहा था कि कश्मीर में लंबे समय से बड़ी समस्याएं थीं और अनुच्छेद 370 को निरस्त करने से आखिरकार इनका अंत हो गया।

Image

सलमान खुर्शीद की कांग्रेस को खरी-खरी (File Image)

Photo : Twitter

Salman Khurshid: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद वैश्विक स्तर पर भारत का पक्ष रखने वाले प्रतिनिधिमंडलों में से एक में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने सोमवार को कांग्रेस को आईना दिखा दिया। खुर्शीद ने कहा कि यह दुखद है कि देश में लोग राजनीतिक निष्ठाओं का आकलन कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है? पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद जनता दल यूनाइटेड नेता संजय झा की अध्यक्षता वाले प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। यह प्रतिनिधिमंडल जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, इंडोनिशया और मलेशिया की यात्रा पर गया है।

क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है?

खुर्शीद ने एक्स पर पोस्ट किया, जब आतंकवाद के खिलाफ भारत का संदेश दुनिया तक पहुंचाने के मिशन पर हों, तो यह दुखद है कि देश में लोग राजनीतिक निष्ठाओं का आकलन कर रहे हैं। क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है? खुर्शीद का यह पोस्ट कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर उदित राज और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं के हमलों के बाद आया है। उदित राज ने तो थरूर को भाजपा का सुपर प्रवक्ता तक करार दे दिया था। थरूर सात प्रतिनिधिमंडलों में से एक का नेतृत्व कर रहे हैं और इस समय ब्राजील में हैं।

कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने से समस्याएं खत्म

खुर्शीद ने रविवार को इंडोनेशिया में थिंक टैंक के साथ बातचीत के दौरान कहा था कि कश्मीर में लंबे समय से बड़ी समस्याएं थीं और अनुच्छेद 370 को निरस्त करने से आखिरकार इनका अंत हो गया। इस टिप्पणी का सत्तारूढ़ भाजपा के नेताओं ने स्वागत किया और इसे लेकर एक राजनीतिक विवाद भी खड़ा हो गया। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने खुर्शीद की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की आलोचना की और उन पर राष्ट्रीय हित की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

बीजेपी ने की खुर्शीद की तारीफ

पूनावाला ने कहा, शशि थरूर और मनीष तिवारी के बाद एक और कांग्रेस नेता ने वास्तविकता सामने रखी है और कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि सलमान खुर्शीद ने कहा है कि जब सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भारत को पहले रखकर पाकिस्तान को बेनकाब करने के मिशन पर है, तो कुछ लोग राजनीतिक निष्ठाओं का आकलन रहे हैं। क्या देशभक्त होना इतना मुश्किल है? यह उन लोगों के चेहरे पर करारा तमाचा है, जो लगातार भारत की सैन्य ताकत और भारत के कूटनीतिक प्रयासों पर संदेह कर रहे हैं।

सलमान खुर्शीद ने दिखाया कांग्रेस को आईना

दिलचस्प बात यह है कि खुर्शीद का यह ट्वीट उनके पार्टी सहयोगी जयराम रमेश द्वारा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पर विवादास्पद टिप्पणी करने के कुछ दिनों बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि आतंकवादी घूम रहे थे और सांसद भी घूम रहे थे। उनकी टिप्पणी से नाराज भाजपा ने रमेश की टिप्पणी को घृणित बताया था। बाद में अपने ट्वीट पर स्पष्टीकरण देते हुए खुर्शीद ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों से परे राष्ट्र के पक्ष में एक स्वर में बोलने की जरूरत है। उन्होंने कहा, लोग कहते रहते हैं, आप ऐसे प्रतिनिधिमंडल में क्या कर रहे हैं, जिसमें भाजपा के लोग हैं? आप वहां क्या कर रहे हैं? हम यहां क्या कर रहे हैं? कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस पार्टी से हैं, आज राष्ट्र के पक्ष में बोलने के लिए एक सुर की जरूरत है और हम यहां यही कर रहे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!