देश

'मैं अच्छा मेजबान हूं बशर्ते कि...' बिलावल भुट्टो के बड़बोलेपन पर जयशंकर ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated May 8, 2023, 11:04 AM IST

S Jaishankar : कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह राहुल से चीन के बारे में उन्हें समझाने का आग्रह करना चाहते थे लेकिन फिर पता चला कि गांधी खुद ही चीनी राजदूत के संपर्क में हैं। जयशंकर ने कहा इसके बाद उन्होंने सोचा कि सीधे मूल स्रोत से ही संपर्क करना बेहतर होगा।

Image

एस जयशंकर ने बिलावल भुट्टो पर साधा निशाना।

Photo : PTI

S Jaishankar : विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी पर तीखा हमला बोला। भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि भारत दौरे पर आए बिलावल ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के मुद्दों को छोड़कर बाकी सभी चीजों पर अपनी राय दी। मैसूर में 'मोदी सरकार की विदेश नीति' पर आयोजित एक सत्र को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा, 'बिलावल भुट्टो ने एससीओ बैठक के मुद्दों को छोड़कर बाकी सभी चीजों मसलन हमारी नीतियों, कश्मीर मुद्दे, बीबीसी डॉक्यूमेंट्री, जी 20 सम्मेलन पर अपनी बात रखी।'

SCO बैठक में पाकिस्तान को खरी-खोटी सुनाई

विदेश मंत्री ने कहा, 'अगर आप अच्छे मेहमान हैं तो मैं भी एक अच्छा मेजबान हूं।' जयशंकर की यह टिप्पणी इस बात का संकेत देती है कि बिलावल एक 'अच्छे मेहमान' नहीं थे। एससीओ बैठक के दौरान बिलावल की मौजूदगी में जयशंकर ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद का संरक्षक, पोषक बताया। जयशंकर यही नहीं रुके वह पाकिस्तान को आतंकवाद का प्रवक्ता तक करार दे दिया। जयशंकर का पाकिस्तान के बारे में इसे तीखी टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है।

हमें कहीं पर लकीर खींचनी होगी-जयशंकर

उन्होंने आगे कहा, 'पाकिस्तान के साथ हमेशा दुश्मनी बनी रहे, हम ऐसा नहीं चाहते...लेकिन कहीं पर हमें एक रेखा खींचनी होगी और हमें इस पर कायम रहना होगा। यदि कोई पड़ोसी देश मेरे शहर पर हमला करता है, सेना पर घात लगाकर उन्हें शहीद करता है...तो मुझे नहीं लगता है कि रिश्ते पहले की तरह सामान्य रहेंगे।'

'चीन पर राहुल से समझना चाहता था'

कार्यक्रम में जयशंकर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह राहुल से चीन के बारे में उन्हें समझाने का आग्रह करना चाहते थे लेकिन फिर पता चला कि गांधी खुद ही चीनी राजदूत के संपर्क में हैं। जयशंकर ने कहा इसके बाद उन्होंने सोचा कि सीधे मूल स्रोत से ही संपर्क करना बेहतर होगा। उन्होंने दावा किया, ‘मैं राहुल गांधी से चीन पर ‘क्लास’ लेने की सोच रहा था लेकिन मुझे पता चला कि वह खुद ही चीनी राजदूत से चीन पर ‘क्लास’ ले रहे हैं।’

विदेश मंत्रियों ने भारत की मेजबानी की तारीफ की

एससीओ बैठक के लिए भारत की मेजबानी पर जयशंकर ने कहा कि विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए आए सभी प्रतिनिधि गोवा के भोजन, संस्कृति और मेजबानी से खूब प्रभावित थे। भारत ने चार और पांच मई को गोवा के बेनौलिम में एक ‘बीच रिसॉर्ट’ में बैठक का आयोजन किया था।

बैठक में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, चीन के विदेश मंत्री छिन कांग, पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो-जरदारी, उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार सैदोव और एससीओ के महासचिव झांग मिंग शामिल थे।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article