RG Kar Medical College: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की अंतिम वर्ष की एक छात्रा की शनिवार को मालदा के एक अस्पताल में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतका के परिवार ने छात्रा के प्रेमी को उसकी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। वह मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कनिष्ठ चिकित्सक थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरजी कर कॉलेज की अंतिम वर्ष की मेडिकल छात्रा अनिंदिता सोरेन (24) की मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के परिवार ने उसके प्रेमी उज्जवल सोरेन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है जिसमें कहा है कि उसने छात्रा को जहर दिया और फिर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारी ने कहा, "युवती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।"
शादी के लिए तैयार नहीं था उज्जवल
अनिंदिता की मां अल्पना टुडू ने बताया कि उनकी बेटी का उज्ज्वल से सोशल मीडिया और मेडिकल कार्यक्रमों के जरिए मुलाकात हुआ था। दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन जब अनिंदिता शादी का दबाव बनाने लगी तो दोनों के बीच झगड़े होने लगे। परिवार का आरोप है कि उज्ज्वल शादी के लिए तैयार नहीं था। अनिंदिता परिवारवालों ने आरोप लगाया कि अनिंदिता को उसके बॉयफ्रेंड उज्ज्वल सोरेन ने जहर दिया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।
पिछले साल आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर के साथ ड्यूटी के दौरान सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। डॉक्टर की मौत के बाद देशभर में आक्रोश की लहर पैदा हो गई थी।
