Bomb Threat: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के आवास पर बम की धमकी भरी फर्जी कॉल करने के आरोप में 36-वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी की पहचान अयप्पन के रूप में हुई है, जो पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रह चुका है। उसने शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में कॉल करके दावा किया था कि मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास में बम रखा गया है।
स्टालिन आवास के चप्पे-चप्पे की हुई जांच
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और तेनाम्पेट पुलिस थाने के कर्मियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, तलाशी के बाद परिसर को सुरक्षित घोषित किया गया। विज्ञप्ति के मुताबिक, जांच के बाद चेंगलपट्टू जिले के तिरुपोरूर निवासी अयप्पन को धमकी भरी फर्जी कॉल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जिस मोबाइल से कॉल की गई थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है।
'शारीरिक रूप से दिव्यांग है आरोपी'
जांच में यह भी सामने आया कि अय्यप्पन ने वर्ष 2020 में कोयंबेडु बस टर्मिनस, एगमोर रेलवे स्टेशन और चेन्नई हवाई अड्डे पर भी इसी तरह की झूठी धमकियां दी थीं। वर्ष 2021 में भी मुख्यमंत्री के आवास पर ऐसी ही धमकी भरी फर्जी कॉल के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘‘आरोपी शारीरिक रूप से दिव्यांग है। उसकी दो बेटियां है और वह शराब का आदी है। उसे भविष्य में ऐसे अपराध न करने की सलाह दी गई है और जमानत पर रिहा कर दिया गया है।’’
