देश

Independence Day:'स्वतंत्रता दिवस' से पहले लाल किले की अभेद्य सुरक्षा, AI से लैस 1,000+ CCTV कैमरों का पहरा

Independence Day 2026: अधिकारी ने कहा कि किसी भी संभावित खतरे, आतंकवादी हमले या आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया योजना भी तैयार की गई है।

Image

लाल किले की अभेद्य सुरक्षा (फाइल फोटो)

राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले पर शनिवार को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर इस ऐतिहासिक स्मारक पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने बहुस्तरीय 'आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया' योजना तैयार करने के साथ-साथ एआई आधारित 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सुरक्षा एजेंसियों ने समारोह के दौरान बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न हितधारकों के साथ 'मॉक ड्रिल' भी की है। उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) राजा बांठिया ने बताया, 'पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी में हुई घटनाओं के मद्देनजर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस बात पर खास तवज्जो दी गई है कि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को कम से कम असुविधा हो।' बांठिया ने कहा, 'पिछले साल राष्ट्रीय राजधानी में हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार हमारे पास व्यापक सुरक्षा इंतजाम हैं।'

विशेष आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया योजना

अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा योजना के तहत लाल किले और उसके आसपास कई स्तरों पर सुरक्षा जांच की जाएगी। साथ ही, किसी भी संभावित खतरे, आतंकवादी हमले या आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया योजना भी तैयार की गई है। डीसीपी ने कहा कि पहले से ही सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया गया है एवं मॉक ड्रिल की गई है, ताकि सभी एजेंसियां तैयार रहें और किसी भी आपात स्थिति में समन्वित कार्रवाई कर सकें।उन्होंने कहा कि इलाके पर कड़ी नजर रखने के लिए लाल किले के अंदर और बाहर 1,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

कैमरे एआई-आधारित वीडियो विश्लेषण से लैस प्रणाली से जुड़े हुए हैं

डीसीपी ने कहा कि कैमरे एआई-आधारित वीडियो विश्लेषण से लैस प्रणाली से जुड़े हुए हैं, जबकि 'लाइव फीड' की निगरानी एक समर्पित नियंत्रण कक्ष से की जा रही है।उन्होंने कहा कि निगरानी प्रणाली सुरक्षाकर्मियों को संदिग्ध गतिविधि, भीड़ से संबंधित मुद्दों या कानून और व्यवस्था से जुड़ी किसी अन्य स्थिति का पता लगाने और तुरंत प्रतिक्रिया देने में मदद करेगी।बांठिया ने कहा, 'कानून-व्यवस्था की जो भी स्थिति दिखेगी, हम तुरंत प्रतिक्रिया देंगे। प्रतिक्रिया दल तैयार रहेंगे और रणनीतिक स्थानों पर तैनात किए जाएंगे।' पुलिस लाल किले के आसपास लोगों और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि सुरक्षा जांच से आगंतुकों को अनावश्यक असुविधा न हो।

समारोहों से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है

ऐतिहासिक लाल किले पर शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे। वह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित भी करेंगे।समारोहों से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है। उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने और समारोहों का सुचारू और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक स्थलों पर पुलिसकर्मियों, विशेष प्रतिक्रिया टीमों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article