देश

सीएम योगी बोले- जल्द राम नाम का जाप करते नजर आएंगे अखिलेश...चंदा विवाद के बीच यूपी में बढ़ी सियासी तपिश

उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राम मंदिर और अयोध्या का मुद्दा गरमा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके हालिया बयानों को लेकर तीखा तंज कसा। वहीं, अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी को लेकर गंभीर आरोप लगाए, जिससे दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।

Image

यूपी में योगी Vs अखिलेश

Ram Mandir: उत्तर प्रदेश में कथित राम मंदिर चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद बढ़ती गर्मी के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी तपिश बढ़ती जा रही है। सियासी तकरार के बीच अब समाजवादी पार्टी फ्रंट फुट पर आकर खेल रही है। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ भी खुलकर उन्हें जवाब दे रहे हैं। इस मुद्दे पर भाजपा और सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का खेल चल रहा है। दोनों ही पक्ष इसके जरिए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी जमीन बनाने में लगे हुए हैं। जहां एक ओर अखिलेश यादव भाजपा पर आरोप लगाकर जनता को अपने पाले में लामबंद करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सीएम योगी लगातार जनता से राम के नाम पर बहकाने वालों से सावधान रहने की अपील कर रहे हैं।

भगवान श्रीराम का नाम जपेंगे

सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जल्द ही वह भी भगवान श्रीराम का नाम जपते और अपनी पिछली गलतियों पर पछतावा करते नजर आएंगे। मुरादाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव के हालिया बयानों को देखकर ऐसा लगता है कि या तो उन्हें अब सद्बुद्धि आ गई है या फिर वह जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

अयोध्या को नई पहचान दे चुकी है भाजपा

सीएम योगी ने कहा, "अब वह कह रहे हैं कि अयोध्या को चमकाएंगे।" मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार पहले ही अयोध्या के विकास और गौरव को नई पहचान दे चुकी है। उन्होंने कहा कि वह अखिलेश यादव का इस बात के लिए स्वागत करेंगे कि उन्होंने आखिरकार अयोध्या के महत्व को स्वीकार किया है, जिसे भाजपा की वैचारिक जीत बताया।

पुरानी गलतियों पर अफसोस

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि समय आने पर अखिलेश यादव भी भगवान श्रीराम का नाम लेते और अपनी पुरानी गलतियों पर अफसोस जताते दिखाई देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं, 'जय श्रीराम' के नारे लगाने वालों पर लाठियां बरसाई गईं और श्रद्धालुओं के साथ कठोर व्यवहार किया गया। मुख्यमंत्री सोमवार को मुरादाबाद दौरे पर थे, जहां उन्होंने 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

"भाजपा की नजर नेशन पर नहीं, डोनेशन पर"

वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा की "नजर नेशन पर नहीं, डोनेशन पर" रहती है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने और जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, अखिलेश ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चंदे की कथित चोरी को लेकर आरोप लगाया कि यह भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आगे कहा, "इस सरकार में चौतरफा लूट है।

"भाजपा के शब्दकोष में न धर्म है और न शर्म"

भाजपा के शब्दकोष में न धर्म है और न शर्म। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी आस्था के साथ खिलवाड़ है।" सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मामले में सिर्फ "छोटी मछलियां" पकड़ी जा रही हैं, जबकि "बड़ी मछलियों" को बचाया जा रहा है। उन्होंने खुदको सच्चा सनातनी मानने वाले लोगों से भाजपा को वोट नहीं देने और पार्टी से चुनाव टिकट नहीं मांगने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ने भगवान राम को धोखा दिया है। वहीं उन्होंने इस मामले पर आगे कहा कि, "अगर 2027 में सपा की सरकार बनती है तो शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा और निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।"

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article