Dera Sacha Sauda chief Ram Rahim: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को हत्या के केस में हाईकोर्ट द्वारा बरी किए जाने के खिलाफ दायर CBI की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस की बेंच ने राम रहीम समेत चार लोगों को नोटिस जारी किया है। चीफ जस्टिस की बेंच ने इस मामले को आगे की सुनवाई के लिए जस्टिस बेला त्रिवेदी की बेंच के पास भेजा है। बता दें, पिछले साल मई में पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने राम रहीम और चार अन्य लोगों को साल 2002 में हुई डेरे के पूर्व मैनेजर रंजीत सिंह की हत्या के आरोप से बरी कर दिया था।
CBI ने आदेश को सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
बता दें, राम रहीम को हत्या के केस में हाईकोर्ट द्वारा बरी किए जाने के खिलाफ CBI ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। इससे पहले जस्टिस बेला त्रिवेदी की बेंच ने जगसीर नाम के एक शख्स की याचिका पर राम रहीम को नोटिस जारी कर चुका है। इसी मामले में निचली अदालत ने राम रहीम और बाकी को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
