Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज एफआईआर को 'धोखा' करार देते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि इस मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। केजरीवाल ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर में 'महाडकैती' हुई है और कथित गबन में शामिल बड़े लोगों को बचाया जा रहा है। AAP संयोजक ने राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित हेराफेरी में शामिल लोगों के सामाजिक बहिष्कार की अपील करते हुए इस मुद्दे को 'धर्म युद्ध' करार दिया और कसम खाई कि जब तक दोषी लोगों को 'फांसी' नहीं दी जाती, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे।
हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की
इससे पहले, हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने सभी की भलाई और खुशहाली के लिए प्रार्थना की है। उनके साथ राज्यसभा सदस्य एवं आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि ’बड़े लोगों’ को बचाया जा रहा है। केजरीवाल ने कहा, "आज मैंने सभी की खुशी और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मैंने राम मंदिर में दान के कथित गबन, बड़े घोटाले और भगवान को चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के संबंध में प्रार्थना की कि जो भी इस महापाप का दोषी है, उसे भगवान कड़ी से कड़ी सजा दें।"
8 लोगों की हुई गिरफ्तारी
अयोध्या की पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार शाम दर्ज की गई एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दिखावा है। केजरीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में आठ छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इतने लंबे समय तक ऐसा काम अकेले छोटे कर्मचारी नहीं कर सकते। इस मामले के तार "बहुत ऊपर तक जुड़े हैं" और बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सारा दोष छोटे कर्मचारियों पर डाला जा रहा है। अयोध्या में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने आगे कहा, "भगवान राम के घर में बड़ी डकैती हुई है। उनके गहने, मालाएं, खड़ाऊं, सोना-चांदी, हीरे-जवाहरात, करोड़ों-अरबों रुपये नकद और भक्तों द्वारा चढ़ाई गई अन्य वस्तुएं चोरी की गई हैं।"
मामले में 'बहुत शक्तिशाली लोग' शामिल
दिल्ली के पूर्व सीएम ने आरोप लगाया है कि इस कथित चोरी में 'बहुत शक्तिशाली लोग' शामिल हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की भगवान राम में आस्था है और इस घटना से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि मामले में जिन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, वही जांच को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) और दर्ज प्राथमिकी में केवल आठ छोटे कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है, जबकि किसी बड़े नाम को शामिल नहीं किया गया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
"आप भी इस पाप में भागीदार बन जाएंगे"
केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, "मैं समाज से अपील करता हूं कि कानून कार्रवाई करे या न करे, हम यह पक्का करेंगे कि कानून अपना काम करे। भगवान राम भी दोषियों को सजा देंगे...जो लोग चंदा चोर हैं और जो उनका साथ दे रहे हैं, उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए। वरना, आप भी इस पाप में भागीदार बन जाएंगे।" उन्होंने कहा, "भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भगवान राम के नाम का इस्तेमाल करके सत्ता में आई और अब खुद राम ही उन्हें सत्ता से बाहर कर देंगे।" इस मुद्दे को धर्म युद्ध करार देते हुए केजरीवाल ने कहा, "सभी को उठना होगा, एकजुट होना होगा और मिलकर यह लड़ाई लड़नी होगी। आज, भगवान राम के मंदिर के दर्शन करने के बाद, मैंने संकल्प लिया है कि जब तक उन राक्षसों को फांसी नहीं हो जाती, मैं चैन से नहीं बैठूंगा।"
18 करोड़ रुपये में खरीदी जमीन
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गड़बड़ियों के बारे में हर दिन नई जानकारी सामने आ रही है, जिसमें जमीन के लेन-देन में कथित हेरफेर भी शामिल है। अरविंद केजरीवाल ने दो लोगों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्होंने (दो व्यक्ति) 18 मार्च, 2021 को लगभग आधा हेक्टेयर जमीन का एक टुकड़ा दो करोड़ रुपये में बेचा था और 10 मिनट के अंदर ही मंदिर ट्रस्ट ने वही जमीन भाजपा से जुड़े लोगों से 18 करोड़ रुपये में खरीद ली। उन्होंने आरोप लगाया, "ट्रस्ट ने दो करोड़ रुपये की जमीन 10 मिनट के अंदर 18 करोड़ रुपये में खरीदी। इसका मतलब है कि इस लेन-देन के जरिए 16 करोड़ रुपये का गबन किया गया।"
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- भाजपा का हिंदुत्व नकली, बड़े लोगों पर नहीं हुई कार्रवाई', राम मंदिर चढ़ावा मामले में जानें और क्या बोले शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद
"आस्था को ठेस पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी"
केजरीवाल ने राम मंदिर के निर्माण में गड़बड़ी का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि कम लागत वाले कार्यों को बहुत महंगा दिखाया गया। उन्होंने कहा, "हिंदुओं ने 'चंदा चोर पार्टी' पर अपना प्यार बरसाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन इस पार्टी ने हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।" आप नेता ने आरोप लगाया, "इस चंदा चोर पार्टी ने हिंदुओं के साथ जो धोखा किया है, वह शायद भारत के इतिहास में अभूतपूर्व है। इससे पहले कभी किसी ने इतने बड़े पैमाने पर हिंदुओं को धोखा नहीं दिया।" केजरीवाल ने दावा करते हुए कहा, "इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने से पहले अठारह दिन बीत चुके थे। मैं लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा और उसके बाद ही एफआईआर दर्ज हुई।"
