Rajya Sabha Election 2026: आगामी 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले देश के चार बड़े राज्यों से बड़ी खबर सामने आई है। कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान में नाम वापसी की आखिरी तारीख (गुरुवार) को किसी भी निर्दलीय या विपक्षी प्रत्याशी के मैदान में न रहने के कारण सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। इस चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और राजस्थान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया जैसे कई कद्दावर नेताओं ने बिना किसी मुकाबले के संसद के उच्च सदन का टिकट पक्का कर लिया है। आइए राज्यवार जानते हैं।
कर्नाटक: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत ये 4 दिग्गज निर्विरोध जीते
कर्नाटक में राज्यसभा की 4 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, मैदान में सिर्फ चार ही दावेदार थे, जिसके चलते वोटिंग की नौबत नहीं आई। कांग्रेस की ओर से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के मीडिया एवं पब्लिसिटी विंग के प्रमुख पवन खेड़ा और कांग्रेस सेकेरेट्री मंसूर अली खान निर्विरोध चुने गए हैं। संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस को 3 सीटें मिली हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर अपने इकलौते चेहरे प्रो. एम. नागराज को मैदान में उतारा था, जो बिना किसी विरोध के संसद पहुंचने में कामयाब रहे।
गुजरात: भाजपा के सभी 4 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
गुजरात में राज्यसभा की 4 सीटों पर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने क्लीन स्वीप किया है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा अपना कोई भी उम्मीदवार मैदान में न उतारने और किसी भी अन्य निर्दलीय प्रत्याशी के रेस में न होने के कारण भाजपा के सभी चारों चेहरे निर्विरोध संसद पहुंच गए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर और गुजरात विधानसभा के सचिव चेतन पंड्या ने आधिकारिक तौर पर राजुभाई शुक्ला, मानसिंह परमार, मुकेशभाई राठवा और जितेंद्र कंजारिया को विजयी घोषित किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- बिहार विधान परिषद चुनाव में NDA का दबदबा; निशांत, पवन सिंह समेत सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध जीते
मध्य प्रदेश: कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन का पर्चा खारिज होने के बाद भाजपा की एकतरफा जीत
मध्य प्रदेश की 3 राज्यसभा सीटों पर नाटकीय घटनाक्रम के बाद भाजपा के तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। दरअसल, कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म स्क्रूटनी के दौरान तकनीकी कारणों से खारिज कर दिया गया था, जिसके खिलाफ कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट का रुख भी किया। हालांकि, अदालत द्वारा चुनावी प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगाने से इनकार करने के बाद गुरुवार दोपहर 3:00 बजे की समय-सीमा खत्म होते ही रिटर्निंग ऑफिसर ने भाजपा उम्मीदवारों की जीत की घोषणा कर दी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल और राज्य मछुआरा कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष महेश केवट निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
राजस्थान: सतीश पूनिया और अलका गुर्जर समेत 3 नेता पहुंचे सदन
राजस्थान में विधानसभा के मौजूदा संख्या बल और समीकरणों के आधार पर 3 सीटों के नतीजे भी पूरी तरह साफ हो गए। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने तीनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया, जिसमें भाजपा के खाते में 2 और कांग्रेस के खाते में 1 सीट गई है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्य के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया और राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर उच्च सदन पहुंचे हैं। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से निवर्तमान सांसद नीरज डांगी अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे और दोबारा राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।
