देश

'ऐसी अभद्र टिप्पणी सर्वदा अस्वीकार्य...', PM मोदी पर राहुल के बयान को लेकर भड़के राजनाथ सिंह, कांग्रेस से की ये अपील

PM Modi Foreign Policy Row: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को अभद्र और शर्मनाक बताया।

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (फाइल फोटो)

PM Modi Foreign Policy Row: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को अभद्र और शर्मनाक बताया। उन्होंने राहुल गांधी को निशाना पर लेते हुए कहा कि मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि जिसके नाम के आगे गांधी शब्द लगा हो, वो ऐसा शर्मनाक बयान भी दे सकता है।

राजनाथ सिंह ने कहा, ''मैं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी एवं भारत की विदेश नीति पर टिप्पणी की, वो अनंत निम्नस्तरीय और निंदाजनक तो है ही, लेकिन मुझे व्यक्तिगत तौर पर पीड़ा देने वाली है, क्योंकि मैंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में किसी भी नेता प्रतिपक्ष से ऐसा आचरण नहीं देखा। चाहे सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी या सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह जी नेता प्रतिपक्ष रहे हों।''

'राहुल का बर्ताव स्वस्थ लोकतंत्र के लिए खतरा'

उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि ऐसा बर्ताव भारत में स्वस्थ लोकतंत्र के लिए एक गंभीर खतरा है। राहुल गांधी के मन में प्रधानमंत्री के प्रति जितनी भी कुंठा भरी हो, लेकिन ऐसी अभद्र टिप्पणी सर्वदा अस्वीकार्य है, खासकर ऐसे समय में जब पीएम मोदी के कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान और इज्जत बढ़ी है और एक विकसित भारत का रास्ता प्रशस्त है।''

'भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का अपमान'

राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने 12 साल में एक दिन भी छुट्टी भी नहीं ली। ऐसे नेता के प्रति अभद्र टिप्पणी पीड़ा देने वाली है। इस दौरान, उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि ऐसी भाषा और आचरण के बाद 'लाल पाल बाल' से लेकर गांधी, नेहरू, पटेल, सुभाष से लेकर प्रणव मुखर्जी तक जैसे विराट व्यक्तित्वों की विरासत का दावा कर सकते हैं? आज ऐसे आचरण से राहुल गांधी ने न सिर्फ पीएम मोदी का, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का अपमान किया है। नेता प्रतिपक्ष की गरिमा को तार-तार कर दिया। मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि जिसके नाम के आगे गांधी शब्द लगा हो, वो ऐसा शर्मनाक बयान भी दे सकता है।

'PM के लिए गले मिलना ही विदेश नीति'

सनद रहे कि राहुल गांधी ने गुरुवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में रचनात्मक कांग्रेस प्रकोष्ठ अधिवेशन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर कटाक्ष किया और कहा कि उनके दिमाग में यह बात घर कर गई है कि गले मिलना ही विदेश नीति है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक प्रधानमंत्री मोदी इस्तीफा नहीं देते और गृह मंत्री अमित शाह पद से नहीं हटते। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई 'मोहब्बत से' लड़ी जाएगी, 'नफरत से नहीं'।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश में अब तक बहुत से लोग भाजपा-आरएसएस के सामने ''डरपोक'' की तरह व्यवहार करते रहे हैं, जबकि मुकाबला ऐसे लोगों से है जिन्हें देश के दर्शन या इतिहास की कोई समझ नहीं है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!