Kargil Diwas: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' ने यह दिखाया है कि आतंकवाद के जरिए भारत को धमकाने की कोशिश करने वालों का क्या हश्र होगा। राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि भारत पाकिस्तान की हर दुस्साहसपूर्ण हरकत का ऐसे तरीके से जवाब देने में सक्षम है जो उसकी "कल्पना से भी परे" है। रक्षा मंत्री ने यहां कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर कारगिल युद्ध स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पाकिस्तान की आलोचना की और कहा कि उसने आतंकवाद को "अपनी सरकारी नीति का हिस्सा" बना लिया है।
'पीओजेके के अलावा किसी मुद्दे पर नहीं होगी बातचीत'
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के अलावा किसी अन्य मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं होगी, क्योंकि पीओके भारत का अभिन्न हिस्सा है, जिस पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है। रक्षा मंत्री ने 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की जीत को "भारत माता के मुकुट में जड़ा हीरा" बताया और कहा कि देश हमेशा अपने वीर सैनिकों के बलिदान का ऋणी रहेगा।
'ऑपरेशन सिंदूर' से आतंकियों को लगा करारा झटका
उन्होंने 22 अप्रैल, 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में मई 2025 में चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने आतंकवाद के आकाओं और उनके समर्थकों को करारा झटका दिया। सिंह ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर ने दिखा दिया कि आतंकवाद के जरिए भारत को धमकाने की कोशिश करने वालों का क्या हश्र होगा।"
'भारत का जवाब पाकिस्तान की कल्पना से भी परे होगा'
उन्होंने कहा कि भारत और उसकी सशस्त्र सेनाएं पाकिस्तान की हर दुस्साहसपूर्ण हरकत का ऐसे तरीके से जवाब देने में सक्षम हैं जो उसकी "कल्पना से भी परे" है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "भारत की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ उठाया गया कोई भी दुर्भावनापूर्ण कदम उसी अंजाम तक पहुंचेगा।" रक्षा मंत्री ने कहा कि जब भारत आधुनिक युद्धपोतों और रक्षा तकनीक का विकास कर रहा है, तब पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा, "जहां हम जहाजों का डिजाइन तैयार कर रहे हैं और नवाचार के नए रास्ते तलाश रहे हैं, वहीं पाकिस्तान आतंकवाद और घुसपैठ के नए तरीके खोजने में व्यस्त है।"
क्या है कारगिल विजय दिवस?
कारगिल विजय दिवस भारत के 'ऑपरेशन विजय' की सफलता की याद में हर साल मनाया जाता है। 1999 में पाकिस्तान की घुसपैठ के बाद भारतीय सेना ने कारगिल की रणनीतिक चोटियों पर दोबारा कब्जा करने के लिए यह सैन्य अभियान चलाया था। 26 जुलाई 1999 को भारत ने इस अभियान में विजय हासिल की थी, जिसके बाद से हर साल इस दिन कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है।
