राजीव गांधी हत्याकांड की दोषी नलिनी श्रीहरन अब विदेश जाने की तैयारी कर रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नलिनी को कुछ दिन पहले ही जेल से रिहा कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश पर कांग्रेस ने हैरानी जताते हुए विरोध भी दर्ज कराया है।
अब राजीव गांधी के सभी हत्यारे जेल से बाहर आ चुके हैं। इसी में आरोपी नंबर एक नलिनी अब लंदन जाने की तैयारी कर रही है। 1991 के राजीव गांधी हत्याकांड के छह दोषियों में से एक नलिनी श्रीहरन को तमिलनाडु की जेल से शनिवार शाम को रिहा किया गया था। रिहा होने के बाद मीडिया से बात करते हुए नलिनी ने कहा कि उसकी पहली प्राथमिकता अपनी बेटी से मिलना है, जो यूके में रहती है।
नलिनी ने इस बेटी को जेल में ही जन्म दिया था। राजीव गांधी हत्या केस में जब नलिनी को गिरफ्तार किया गया था, तब वो इसी केस में आरोपी मरुगन से शादी कर चुकी थी। 1992 में वेल्लोर जेल में नलिनी ने हरिद्रा हरन को जन्म दिया था। उसकी बेटी छह साल तक मां के साथ जेल में ही रही थी। छह साल बाद उसे जेल के नियमों के अनुसार बाहर भेज दिया गया, जहां वो अपनी दादी के साथ रहने लगी। दादी यानि कि मुरुगन की मां, उसे श्रीलंका लेकर चली गई। जहां उसने पढ़ाई की और फिर अपने चाचा के पास ब्रिटेन चली गई।
नलिनी की बेटी काफी विवादों के बाद एक बार अपनी मां से मिलने के लिए भारत आई थी, तब जेल में बंद उसने अपने माता-पिता से पूछा था कि उन्होंने ऐसा क्यों किया? तब नलिनी और मुरुगन ने कोई जवाब नहीं दिया था। उसके बाद वो वापस श्रीलंका चली गई थी। जिसके बाद बड़ी होने के बाद उसने भारत सरकार से अपनी मां को रिहा करने की अपील की थी। पिछले साल उसकी शादी भी हो गई। तब नलिनी को इस शादी में शामिल होने के लिए 30 दिन की पैरोल मिली थी।
