PM Narendra Modi Bikaner Visit: राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब चार-पांच महीने का समय रह गया है। इसी को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं के दौरे लगाए जा रहे हैं। हाल ही में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भरतपुर, गृहमंत्री अमित शाह उदयपुर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जोधपुर में जनसभा कर मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियां गिनाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा था और अब स्वयं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान आ रहे हैं। पीएम मोदी आगामी आठ जुलाई को बीकानेर में दो लाख लोगों की मौजूदगी में जनसभा को संबोधित करेंगे। राजस्थान में पीएम का छह महीने में ये 5वां दौरा है। राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री राज्य की जनता को 26 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात देने आ रहे हैं।
बीकानेर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को 26 हजार करोड़ के ग्रीन एक्सप्रेस-वे की सौगात देंगे। छह लेन का यह हाइवे पंजाब के अमृतसर से प्रारंभ होकर गुजरात के जामनगर तक कुल 1316 किलोमीटर की दूरी तय करता है। राजस्थान की उत्तरी-पश्चिमी सीमा से होकर यह एक्सप्रेस वे हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर, बाड़मेर और जालौर जिलों से गुजरेगा। पीएम मोदी के बीकानेर दौरे को सफल बनाने के लिए भाजपा की राजस्थान यूनिट ने पूरी ताकत लगा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरे से नहरी क्षेत्र और मारवाड़ की 46 विधानसभा सीटों में पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।
इन प्रोजेक्ट्स को राष्ट्र को समर्पित करेंगे पीएम मोदी
- रायसिंहनगर, अनूपगढ़ से पूगल तक 860.26 करोड़ रुपये की लागत से 162.46 KM लंबी सड़क परियोजना
- खाजूवाला-पूगल-बाप तक 895 करोड़ रुपये की लागत से 212 KM लंबी सड़क परियोजना
- पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित गुजरात के बनासकांठा से शुरू होकर पंजाब के मोगा तक 26000 करोड़ की लागत से 1316 किमी लंबाई के ग्रीन एनर्जी कोरिडोर
- श्रम और रोजगार मंत्रालय के अन्तर्गत 41.15 करोड़ की लागत से निर्मित 30 बेड और विस्तारित 100 बेड तक का हॉस्पिटल
06 महीने में पीएम मोदी का पांचवा दौरा
- 28 जनवरी 2023 - भीलवाड़ा में गुर्जर समाज के आराध्य देव देवनारायण भगवान की जयंती पर सभा
- 12 फरवरी 2023 - दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के मौके पर आए और जनसभा की
- 10 मई 2023 - नाथद्वारा और आबूरोड़ में बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया
- 31 मई 2023 - अजमेर में बीजेपी के महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत की
क्यों खास है पीएम मोदी का बीकानेर दौरा
पीएम मोदी का यह दौरान राजस्थान की राजनीति के लिहाज से काफी अहम है। चुनाव से ठीक पहले पीएम राजस्थान की जनता को 26 हजार करोड़ से अधिक की सौगात दे रहे हैं। नहरी क्षेत्र के बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों की 24 विधानसभा सीटों के अलावा जोधपुर, जालोर, बाड़मेर की 22 सीटों यानी कुल 46 सीटों पर इसका सीधा असर दिखाई दे सकता है। अभी बीकानेर संभाग की 11 सीटों पर कांग्रेस और 10 सीटों पर बीजेपी काबिज है। भाजपा इस बार यहां क्लीन स्वीप करना चाहती है और इसके लिए पीएम के दौरे को भुनाना चाहती है।
