BJP Protest in Rajasthan:राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ बीजेपी सड़कों पर उतर आई है। सरकार पर भ्रष्टाचार, पेपर लीक जैसे आरोप लगाते हुए भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सड़क पर जमकर प्रदर्शन किया। राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने में अब छह महीने से भी कम का समय रह गया है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी काफी मुखर अभियानों के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार को उखाड़ फेंकने के मिशन में जी जान से जुट गई है। ऐसे में मंगलवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल BJP ने सचिवालय के बाहर विशाल प्रदर्शन किया है।
राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि गहलोत सरकार पेपर लीक वाली सरकार, दंगों वाली सरकार, महाभ्रष्ट सरकार, हिंदू विरोधी सरकार है। यह सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। सीपी जोशी ने कहा कि हम गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और पानी की बौछार की गई।
'राजस्थान में केवल भाजपा ही विकल्प'
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने सोमवार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहने का आरोप लगाया और साथ ही कहा कि राज्य में केवल भाजपा ही विकल्प है जो सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को ध्येय मानकर काम करती है, इस अवसर पर सिंह ने कहा, 'आज राजस्थान में केवल भाजपा ही विकल्प है। इन सब लोगों के भाजपा में आने से पार्टी और मजबूत होगी। इन लोगों ने बिना शर्त भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।'
'गहलोत ने साढ़े चार साल के कार्यकाल में कोई काम किया नहीं, अब केवल खोखली घोषणाएं कर रहे है'
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि गहलोत ने साढ़े चार साल के कार्यकाल में कोई काम किया नहीं.. अब केवल खोखली घोषणाएं कर रहे है।' सिंह ने आरोप लगाया,'राजस्थान में व्याप्त जंगल राज, भ्रष्टाचार, और हाहाकार से ध्यान भटकाने के लिये मुख्यमंत्री दिन प्रतिदिन छोटी-छोटी घोषणा कर रहे हैं।'
