देश

Vande Bharat Train: दिल्ली-पटना के बीच चलेगी त्योहार विशेष 'वंदे भारत ट्रेन', इस तारीख से होगी शुरूआत

Vande Bharat train: रेलवे का कहना है कि 'ये विशेष रेलगाड़ियां त्योहारों के मौसम में यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करेंगी और सभी यात्रियों के लिए आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगी।'

Image

त्योहार विशेष 'वंदे भारत ट्रेन' (फोटो: canva)

Festival Special Vande Bharat Train: उत्तर रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए 11 अक्टूबर से दिल्ली और पटना के बीच एक त्योहार विशेष वंदे भारत ट्रेन चलाएगा। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।बयान में कहा गया है कि यह विशेष ट्रेन 15 नवंबर तक इस मार्ग पर चलाई जाएगी।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा, 'आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की रेलयात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए, रेलवे ने वंदे भारत त्योहार विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।'

उपाध्याय ने कहा, 'ये विशेष रेलगाड़ियां त्योहारों के मौसम में यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करेंगी और सभी यात्रियों के लिए आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करेंगी।'

उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली से पटना जाने वाली 02252 नंबर की यह ट्रेन इस अवधि के दौरान 16 चक्कर लगाएगी और हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को अपनी सेवायें प्रदान करेगी।उपाध्याय ने कहा, 'यह ट्रेन नयी दिल्ली से सुबह 8.35 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 9.30 बजे पटना पहुंचेगी। ट्रेन यह दूरी 13 घंटे से भी कम समय में तय करेगी और अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेगी।'

उन्होंने कहा, 'पटना से नयी दिल्ली के लिए 02251 संख्या वाली यह ट्रेन 12 अक्टूबर से शुरू होगी और हर मंगलवार, बृहस्पतिवार और रविवार को 16 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन पटना से सुबह 10 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 11.30 बजे नयी दिल्ली पहुंचेगी।' अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष वंदे भारत ट्रेन में 16 डिब्बे होंगे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article