स्वचालित रूप से ब्रेक लगाने की क्षमता
कवच प्रणाली, जिसे स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली (ATP) के रूप में भी जाना जाता है, अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन (RDSO) द्वारा विकसित की गई है, और यह आपातकालीन स्थिति में स्वचालित रूप से ब्रेक लगा सकती है। रेल नेटवर्क को चरणबद्ध तरीके से कवच प्रणाली के तहत लाने के लिए रेल मंत्रालय पिछले आठ वर्षों से इस परियोजना पर काम कर रहा है। हाल ही में एक प्रेस ब्रीफिंग में वैष्णव ने कहा था कि 3,000 किलोमीटर लंबे मुंबई-दिल्ली और दिल्ली-कोलकाता रेल मार्गों पर कवच प्रणाली को चालू करने का काम चल रहा है और अगले साल मार्च तक पूरा होने की उम्मीद है।
कवच 4.0 प्रोजेक्ट पर काम
वैष्णव ने कहा कि कवच उन्नत संस्करण 4.0 को 17 जुलाई, 2024 को अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन (RDSO) द्वारा अनुमोदित किया गया था और बड़े पैमाने पर लगाए जाने का काम जल्दी ही शुरू होगा। रेल मंत्री के अनुसार, कवच 4.0 सभी भौगोलिक परिस्थितियों, जैसे पहाड़ी इलाके, जंगल, तटीय और रेगिस्तानी क्षेत्रों में सभी प्रकार की संचार चुनौतियों से निपटने में सक्षम होगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, यात्री ट्रेनों पर कवच का पहला फील्ड परीक्षण फरवरी 2016 में शुरू किया गया था और प्राप्त अनुभव और तीसरे पक्ष द्वारा सिस्टम के स्वतंत्र सुरक्षा मूल्यांकन के आधार पर कवच की आपूर्ति के लिए 2018-19 में तीन फर्मों को मंजूरी दी गई थी। रेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि कवच को अब तक दक्षिण मध्य रेलवे पर 1465 रूट किमी और 139 लोकोमोटिव (इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट रेक सहित) पर तैनात किया गया है।
