देश

'वोट चोरी, कानून चोरी और संस्था चोरी...', चुनाव आयोग-ज्ञानेश कुमार विवाद पर भड़के राहुल गांधी

SIR प्रक्रिया पर दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों की खबरों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर सीधा हमला बोला है। राहुल गांधी ने देश में 'वोट चोरी, कानून चोरी और संस्था चोरी' का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगते हुए सरकार पर हमला बोला।

Image

चुनाव आयोग के विवाद पर राहुल गांधी का सबसे बड़ा हमला(Photo: X/RahulGandhi)

निर्वाचन आयोग के भीतर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेदों की खबरों के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला है। एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में इस समय 'वोट चोरी, कानून चोरी और संस्था चोरी' का खेल चल रहा है, जिसे कांग्रेस और देश की जनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर सीधा निशाना साधते हुए उनके तुरंत इस्तीफे की मांग की। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता खतरे में है। राहुल गांधी ने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि आयोग के दो चुनाव आयुक्तों-सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी ने मतदाता सूची से नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर 10 महीनों में कम से कम 14 बार अपनी लिखित आपत्तियां जताई थीं। उन्होंने दोनों चुनाव आयुक्तों के इस कदम की सराहना की।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस पर चुनाव चुराने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत में 'एंटी-इनकम्बेंसी' (सत्ता विरोधी लहर) एक स्थापित सच्चाई रही है, जिसने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर हर बड़े नेता को प्रभावित किया। लेकिन हैरानी की बात है कि बीजेपी के राज में हरियाणा, महाराष्ट्र, यूपी और गुजरात जैसे राज्यों में यह सत्ता विरोधी लहर अचानक गायब हो जाती है। ऐसी स्थिति सिर्फ सद्दाम हुसैन के इराक या उत्तर कोरिया जैसे तानाशाह देशों में ही संभव है।

दूसरी ओर, निर्वाचन आयोग ने इन आरोपों और आंतरिक विवाद की खबरों को पूरी तरह खारिज किया है। चुनाव आयोग का कहना है कि किसी भी नीति या मसौदे पर चर्चा के दौरान अलग-अलग राय या सुझाव आना एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े सभी अंतिम फैसले तीनों आयुक्तों की सहमति और वैधानिक प्रक्रियाओं के तहत ही लिए गए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article