देश

शीतकालीन सत्र के बीच जर्मनी जाएंगे राहुल गांधी, BJP ने बताया 'विदेश नायक', कंगना बोलीं-उनमें दम नहीं

कांग्रेस के प्रकोष्ठ 'इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' (आईओसी) की ब्रिटेन इकाई के महासचिव विक्रम दुहन ने बताया कि गांधी की जर्मनी यात्रा भारत की वैश्विक भूमिका पर बातचीत के लिए एक मूल्यवान मंच प्रदान करेगी, साथ ही जर्मन विधायकों और प्रवासी भारतीयों के साथ विचारों और अवसरों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी।

Image

विदेश दौरे पर जर्मनी जाएंगे राहुल गांधी। तस्वीर-ANI

Photo : ANI

Rahul Gandhi Germany Visit: कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जर्मनी के दौरे पर जाने वाले हैं लेकिन उनके इस दौरे को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। शीतकालीन सत्र के बीच में विदेश जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन पर हमला बोला है। भाजपा नेता एवं प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल को 'विदेश नायक' बताते हुए कहा कि शीतकालीन सत्र चल रहा है और इस सत्र में कई अहम काम होने हैं लेकिन राहुल गांधी विदेश जा रहे हैं। पूनावाला ने कहा कि राहुल विपक्ष के नेता (LoP) की जिम्मेदारी से ज्यादा अपने इस विदेश दौरे को प्राथमिकता दे रहे हैं।

बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही में शामिल होने जा रही कंगना रनौत से जब राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, मैं उनके दौरे के बारे में कुछ नहीं पढ़ती हूं क्योंकि उनकी खबर हमेशा ही बेकार होती है। इस तरह के किरदार पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती क्योंकि उस व्यक्ति में कोई दम नहीं है, चरित्र में कोई ताकत नहीं है इसलिए मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है।'

सैम पित्रोदा भी होंगे राहुल के साथ

कांग्रेस के प्रकोष्ठ 'इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' (आईओसी) की ब्रिटेन इकाई के महासचिव विक्रम दुहन ने बताया कि गांधी की जर्मनी यात्रा भारत की वैश्विक भूमिका पर बातचीत के लिए एक मूल्यवान मंच प्रदान करेगी, साथ ही जर्मन विधायकों और प्रवासी भारतीयों के साथ विचारों और अवसरों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी। आईओसी, जर्मनी के अध्यक्ष बलविंदर सिंह ने कहा, 'संसद सदस्य और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी का दौरा करेंगे। उनके साथ इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा भी होंगे।'

जर्मन सरकार के मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान गांधी प्रवासी भारतीयों से मिलेंगे और जर्मन सरकार के मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। आईओसी ऑस्ट्रिया के अध्यक्ष औसाफ खान ने कहा, 'लोकसभा में विपक्ष के नेता और संसद सदस्य राहुल गांधी जी का स्वागत करते हुए हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं, जो 17 दिसंबर, 2025 को बर्लिन में भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगे।'

पूनावाल ने की राहुल के जर्मनी दौरे की आलोचना

राहुल के इस विदेश दौरे की आलोचना करते हुए पूनावाल ने X पर अपने एक पोस्ट में कहा कि 'विदेश नायक जो चीज सबसे अच्छा करते हैं यानी विदेश दौरा, फिर यात्रा पर जा रहे हैं। संसद 19 दिसंबर तक चलेगी लेकिन बताया जा रहा है कि वह 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी के दौरे पर रहेंगे। राहुल एलओपी हैं जिसका मतलब है कि लीडर ऑफ पर्यटन। बिहार चुनाव के दौरान भी वह विदेश गए और वहां से लौटने के बाद जंगल सफारी करने चले गए। '

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article