देश

राहुल गांधी के 'सावरकर' वाले बयान से उद्धव ठाकरे नाराज, UBT सांसद कांग्रेस की बैठक और डिनर से रहे दूर

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Mar 27, 2023, 11:50 PM IST

Boycotts Kharge dinner: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे ने राहुल गांधी को साफ चेतावनी देते हुए कहा कि सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, राहुल गांधी से नाराज उद्धव ठाकरे सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस की ओर से डिनर में भी शामिल नहीं हुए।

Image

उद्धव ठाकरे गुट ने सावरकर पर राहुल के बयान से खुलकर नाराजगी जाहिर की

उद्धव ठाकरे गुट (Uddhav Thackeray) ने सावरकर पर राहुल के बयान से खुलकर नाराजगी जाहिर की उद्धव ठाकरे गुट ने सोमवार को कांग्रेस की बैठक और डिनर से भी दूरी बना ली है यानी उसमें शामिल नहीं हुए हैं गौर हो कि एक दिन पहले ही उद्धव ने कहा था कि सावरकर पर अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे, गौर हो कि मानहानि मामले में दो साल की सजा के बाद संसद की सदस्यता गंवाने वाले राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वो 'गांधी हैं, सावरकर नहीं, माफी नहीं मांगेंगे' अब इस बयान को लेकर महाराष्ट्र में कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के शिवसेना गुट के गठबंधन में दरार पड़ती दिख रही है।

शिवसेना (उद्धव) गुट के सांसद अरविंद सावंत और राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इस बात की पुष्टि की है कि उनकी पार्टी विपक्षी एकता के लिए बुलाए गए इस आयोजन से दूर रही है। सावरकर पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर विरोध जताते हुए पार्टी का कोई सांसद या नेता विपक्ष के लिए आयोजित इस डिनर में शामिल नहीं हुआ।

उद्धव ठाकरे ने कहा है कि वह हिंदुत्व विचारक वीडी सावरकर को अपना आदर्श मानते हैं और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे, राहुल गांधी के सावरकर के खिलाफ बयान जारी करने के बाद से ही उद्धव गुट और कांग्रेस की ठन गई थी, महाराष्ट्र में महा विकास आघाड़ी के शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राहुल को चेतावनी तक दी थी।

'हिंदुत्व विचारक सावरकर को अपना आदर्श मानते हैं'

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा था कि वह हिंदुत्व विचारक सावरकर को अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से कहा कि वह सावरकर का अपमान करने से बचें। उन्होंने कहा कि महा विकास आघाड़ी (MVA) तीन दलों - शिवसेना (UBT), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी - का गठबंधन है, जिसे लोकतंत्र की रक्षा के लिए बनाया गया था और इसके लिए एकजुट होकर काम करना जरूरी था।

उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक जिले के मुस्लिम बहुल शहर मालेगांव में एक रैली को संबोधित करते हुए ठाकरे ने यह भी कहा कि जानबूझ कर राहुल गांधी को उकसाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

'हमें अपने लोकतंत्र की रक्षा के लिए मिलकर लड़ना होगा'

उन्होंने कहा, 'सावरकर हमारे आदर्श हैं और उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमें अपने लोकतंत्र की रक्षा के लिए मिलकर लड़ना होगा। सावरकर ने 14 साल तक अंडमान जेल में अकल्पनीय यातनाएं झेलीं। हम केवल पीड़ाओं को पढ़ सकते हैं। यह बलिदान एक प्रतीक है।' ठाकरे ने कहा, 'मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि हम अपने देश के लोकतंत्र और इसके संविधान को बचाने के लिए एक साथ आए हैं। हालांकि, आपको जानबूझ कर उकसाया जा रहा है। यदि हम इस समय को व्यर्थ जाने देंगे तो लोकतंत्र का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। 2024 का चुनाव, आखिरी चुनाव होगा।'

राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया

गुजरात में सूरत की एक अदालत द्वारा 2019 के मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया। दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने शनिवार को कहा था, 'मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है और गांधी किसी से माफी नहीं मांगते हैं।'

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article