Unnao Rape Case: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्नाव रेप पीड़िता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस मौके पर राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी भी मौजूद रहीं।
'PM मोदी से मिलने की लगाई गुहार'
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद पीड़िता का बयान भी सामने आया जिसमें उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने सामने से फोन कर मिलने की बात कही। उन्होंने कहा, ''मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह से मिलने की गुहार लगाई, लेकिन मुझसे कोई नहीं मिला। वहीं, राहुल भैया का सामने से फोन आया और उन्होंने मुझे मिलने के लिए बुलाया।''
पीड़िता ने कहा कि मैंने सोनिया गांधी जी और राहुल भैया से मुलाकात की, उन्होंने मुझे न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है। राहुल भैया ने मुझे कहा कि इस लड़ाई में वे मेरे साथ हैं।
कुलदीप सिंह सेंगर की सजा सस्पेंड
उन्नाव रेप मामले में सात साल की सजा काट चुके भाजपा से निष्कासित कुलदीप सिंह सेंगर की सजा को दिल्ली हाई कोर्ट ने निलंबित कर दिया। हाई कोर्ट ने रेप मामले में दोषसिद्धि और सजा के खिलाफ अपील लंबित रहने तक कुलदीप सेंगर की सजा पर रोक लगाई है और अपील पर फैसला आने तक सशर्त जमानत पर रिहा करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि कुलदीप सेंगर पीड़िता के घर के 5 किलोमीटर के दायरे में नहीं आएगा और पीड़िता या उसकी मां को धमकी नहीं देगा। कोर्ट ने कहा कि शर्तों का उल्लंघन करने पर जमानत खुद-ब-खुद रद्द हो जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट जाएगी CBI
सीबीआई ने उन्नाव रेप मामले में सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया है। सीबीआई ने दिल्ली हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच के आदेश का अध्ययन किया और आरोपी सेंगर की सजा सस्पेंड कर उसे जमानत देने के हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ जल्द से जल्द सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर करने का निर्णय लिया है।
