Sadbhav Yatra: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भाजपा ने चुनाव चोरी की प्रणाली बनाई है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि पीएम मोदी और अमित शाह भले ही सोच रहे हैं कि इनका राज बना रहेगा, लेकिन इनका जाने का 'टाइम' आने वाला है तथा कांग्रेस इन्हें पराजित करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी चाहे जितना 'वोट चोरी' कर लें, लेकिन उन्होंने जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
सद्भाव यात्रा में शामिल हुए राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को गुरुग्राम में हरियाणा कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह की 'सद्भाव यात्रा' में शामिल हुए। इस मौके पर उनके साथ बृजेंद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद व अन्य नेता भी थे।
राहुल गांधी ने यात्रा के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, '' हरियाणा का चुनाव भाजपा ने चोरी किया...अब पश्चिम बंगाल और असम में चुनाव चोरी किया है। इन्होंने चुनाव चोरी करने का सिस्टम बना दिया है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्वाचन आयोग, नौकरशाही को नियंत्रित कर रखा है।
कांग्रेस नेता का कहना था, ''ये (प्रधानमंत्री और भाजपा) सोचते हैं कि अब इनका ही राज रहेगा, इन्हें कोई रोक नहीं सकता। मगर अब इनका (जाने का) टाइम आने वाला है। क्योंकि जनता यह बात समझ गई है कि नरेन्द्र मोदी और अमित शाह जी देश को बेचने का काम करते हैं।'' उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया, ''कांग्रेस के 'बब्बर शेरों' याद रखो...नरेन्द्र मोदी और भाजपा को कांग्रेस पार्टी हराएगी।''
'कांग्रेस नेताओं ने हरियाणा की समझी नब्ज'
राहुल गांधी ने 'सद्भाव यात्रा' का उल्लेख करते हुए कहा, ''हमारे नेताओं ने हरियाणा की नब्ज को समझा है। वे जनता के बीच गए और उनके मुद्दों को करीब से जाना है। मेरी सोच है कि कांग्रेस पार्टी के हर युवा नेता को हर प्रदेश में ऐसी यात्रा करनी चाहिए। यात्राओं से राजनीतिक समझ बढ़ती है, जनता से जुड़ाव होता है और बहुत कुछ सीखने को मिलता है।''
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
