देश

मेरी अमेरिकी यात्रा को लेकर झूठ बोल रहे हैं राहुल गांधी- विदेश मंत्री एस जयशंकर का कांग्रेस नेता पर पलटवार

विदेश मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला करते हुए उनपर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। एस जयशंकर ने राहुल गांधी के संसद में दिए गए आज के भाषण में किए गए दावों पर उनपर पलटवार किया।

Image

विदेश मंत्री एस जयशंकर (फाइल फोटो)

Photo : PTI

संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह का जिक्र करते हुए ऐसा बयान दिया, जिस पर सियासी पारा गर्मा गया है। दरअसल, राहुल गांधी ने लोकसभा में दावा करते हुए कहा कि विदेश मंत्री अपने विदेश दौरों में वहां की सरकारों से पीएम मोदी को ‘बुलाने का आग्रह’ करते हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इस बयान पर अब खुद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जवाब दिया है।

राहुल गांधी के दावे पर एस जयशंकर का पलटवार

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दावे को खारिज करते हुए कहा कि वे मेरी अमेरिकी यात्रा को लेकर झूठ बोल रहे हैं। साथ ही इससे विदेश में भारत को नुकसान पहुंचा रहे हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण के न्‍योते को लेकर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए लिखा, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिसंबर 2024 में मेरी अमेरिका यात्रा के बारे में जानबूझकर झूठ बोला। मैं बिडेन प्रशासन के विदेश मंत्री और एनएसए से मिलने गया था। इसके अलावा हमारे महावाणिज्य दूतों की एक बैठक की अध्यक्षता भी की। मेरे प्रवास के दौरान, आने वाले एनएसए-पदनाम ने मुझसे मुलाकात की। किसी भी स्तर पर प्रधानमंत्री को आमंत्रित करने के संबंध में चर्चा नहीं की गई। यह सर्वविदित है कि हमारे प्रधानमंत्री ऐसे कार्यक्रमों में भाग नहीं लेते हैं। वस्तुतः भारत का प्रतिनिधित्व सामान्यतः विशेष दूतों द्वारा किया जाता है। राहुल गांधी के झूठ का उद्देश्य राजनीतिक हो सकता है। लेकिन, वे विदेश में देश को नुकसान पहुंचाते हैं।"

संसद में क्या हुआ

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने विदेश नीति पर संसद में कहा कि हम प्रधानमंत्री को बुलाने के न्यौते के लिए अपने विदेश मंत्री को अमेरिका नहीं भेजते। इस पर किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए कहा कि विपक्ष के नेता को इस तरह की बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। यहां गंभीर विषय पर चर्चा चल रही है। राहुल गांधी के पास अगर इसके बारे में कोई ठोस जानकारी है, तो उसे सामने रखें।

IANS की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article