CJP Protest at Jantar Mantar: नीट पेपर लीक का विरोध और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर गुरुवार को भी प्रदर्शनकारी भारी तादाद में जुटे हुए हैं। हालांकि, बुधवार को भी प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से धक्कामुक्की की, पथराव किया और पानी की बोतलें फेंकीं।
प्रदर्शनकारियों को संसद भवन की तरफ बढ़ने से रोकने के दौरान हुए पथराव में पंजाबी बाग के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) जय प्रकाश के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं, कनॉट प्लेस में हुई एक अन्य झड़प में ACP विवेक भगत भी घायल हुए हैं। दूसरी ओर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले पर सरकार का पक्ष रखते हुए राजनीति न करने की अपील की है।
पथराव में पुलिस अधिकारी घायल
एसीपी जय प्रकाश की आपबीती: जंतर-मंतर पर ड्यूटी पर तैनात ACP जय प्रकाश ने बताया कि प्रदर्शनकारी दिनभर नारेबाजी कर रहे थे। जब उन्होंने पार्लियामेंट स्ट्रीट की ओर बढ़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर और ह्यूमन चेन बनाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों में से कुछ उपद्रवियों ने अचानक पुलिस पर प्लास्टिक की बोतलें और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। एक भारी पत्थर सीधे एसीपी के माथे पर जा लगा।
घायल एसीपी जय प्रकाश को तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके माथे पर मामूली फ्रैक्चर आया है और फिलहाल उनकी मेडिकल जांच जारी है।
कनॉट प्लेस में दूसरी हिंसा
टॉल्स्टॉय मार्ग (कनॉट प्लेस) के पास शाम करीब 8:30 बजे उपद्रवियों ने फिर पुलिस टीम पर पथराव किया, जिसमें ACP कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए। उन्हें भी RML अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है।
संसद में चर्चा के लिए तैयार: जेपी नड्डा
प्रदर्शन के बीच, राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नीट-यूजी (NEET-UG) पेपर लीक मुद्दे पर सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने आगे कहा, "पेपर लीक एक बेहद गंभीर समस्या है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। आरोप-प्रत्यारोप से परे हटकर इस पर गहराई से चर्चा की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार एक जिम्मेदार सरकार है और हम संसद में इस मुद्दे के हर पहलू पर विस्तृत चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।"
केजरीवाल ने वीडियो पोस्ट कर सरकार से क्या कहा?
वहीं, आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो पोस्ट कर सरकार को प्रदर्शनकारियों पर किसी संभावित क्रैकडाउन को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ाई गई, ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करेगी। इसलिए मेरी अपील है कि सरकार ऐसी गलती न करें, क्योंकि ये जेन-जी हैं और ये किसी से डरेंगे नहीं।
