देश

Weather Updates Today: उत्तर भारत में ठंड-कोहरे की डबल मार! दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बढ़ेगी सर्दी; IMD का अलर्ट जारी

Weather Updates Today: देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। उत्तर भारत में ठंड के साथ घने कोहरे का असर बढ़ रहा है। IMD ने दिल्ली-NCR, यूपी, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

Image

Weather Updates Today: नवंबर के जाते-जाते ठंड ने दिखाए तेवर, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बढ़ेगी सर्दी।

Weather Updates Today: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। नवंबर का महीना खत्म होने के साथ ही उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। कई राज्यों में घने कोहरे ने भी दस्तक दे दी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार, 28 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। वहीं, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक तरफ उत्तर भारत में सर्द हवाओं और कोहरे का असर देखने को मिलेगा, तो दूसरी तरफ दक्षिणी राज्यों में पूर्वोत्तर मानसून की सक्रियता के कारण बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी।

winter india 3

-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी। istock

दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी ठंड, सुबह छाया रहेगा कोहरा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, हालांकि सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

खास बात यह है कि दिल्ली में दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है। ऐसे में सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास ज्यादा होगा। लोगों को सुबह के समय घर से निकलते वक्त गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

यूपी में घने कोहरे का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने 28 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है।

सुबह के समय कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। इसका असर हाईवे और एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों की रफ्तार पर भी पड़ सकता है। खासकर सुबह जल्दी यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बिहार में भी सुबह के समय कुछ इलाकों में धुंध और हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि, राज्य में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं है।

पंजाब-हरियाणा और हिमाचल में भी कोहरे की मार

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी शनिवार को घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 29 नवंबर तक कोहरे का असर बना रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा छाने का अनुमान है। यहां 1 दिसंबर तक अलग-अलग स्थानों पर कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

कैसे रहेगा दक्षिण भारत में मौसम का हाल?

उत्तर भारत में जहां सर्दी और कोहरे का असर बढ़ रहा है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 28 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। तमिलनाडु के कई इलाकों में व्यापक स्तर पर बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

केरल और माहे के अलावा लक्षद्वीप में भी कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। तटीय कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र समेत पश्चिम और मध्य भारत में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम और मध्य भारत में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। महाराष्ट्र में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव होने का अनुमान नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

इससे राज्य के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय ठंड बढ़ सकती है। वहीं, देश के अधिकांश हिस्सों में अगले सात दिनों के दौरान शीतलहर या शीत दिवस जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं जताई गई है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article