Rahul Gandhi Disqualified MP: लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को ट्विटर पर अपने परिचय में बदलाव करते हुए ‘अ-योग्य सांसद’ (Disqualified MP) लिखा। उन्होंने वायनाड के अपने आधिकारिक ट्विटर खाते में भी अपने परिचय की जगह पर अ-योग्य सांसद लिखा।
केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा 2019 के मानहानि के एक मामले में दो साल जेल की सजा सुनाये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि उनका अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा।
गांधी ने अभी तक पुनरीक्षण याचिका दायर नहीं की है, लेकिन कांग्रेस ने कहा है कि वह इस प्रकरण से कानूनी और राजनीतिक रूप से निपटेगी।
इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस के नेताओं ने महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर संकल्प सत्याग्रह के तहत इकट्ठा हुए। इन सबके बीच राहुल गांधी के समर्थन में प्रियंका गांधी जमकर बोलीं और 32 साल पुराना एक घटना का जिक्र किया।

rahul gandhi twitter bio changed
प्रियंका गांधी ने याद किया ये पुराना वाकया
प्रियंका गांधी ने कहा कि 1991 में जब पिताजी कि हत्या हुई। उनकी शवयात्रा तीनमूर्ति भवन से निकल रही थी। वो अपनी मां और भाई के साथ गाड़ी में बैठे थे। हम लोगों के सामने सेना का ट्रक फूलों से सजाया गया था और पिताजी का शव उसके ऊपर था। थोड़ी दूर जब हमलोग आगे बढ़े तो राहुल गांधी ने कहा कि उसे उतरना है, मेरी मां ने मना किया क्योंकि सुरक्षा बड़ा मुद्दा था।लेकिन राहुल गांधी उतरे और सेना की ट्रक के पीछे चलने लगे। वो पिताजी के जनाजे के पीछे चलते चलते इस सफर को तय किया। जहां पर हम लोग है वहां से सिर्फ 500 गज की दूरी पर उनके भाई ने पिताजी का अंतिम संस्कार किया। वो तस्वीर आज भी याद है। पिताजी को तिरंगे में लपेटा गया था। उनका भाई जनाजे के पीछे चलते चलते यहां तक पहुंचा है। उनके शहीद पिता का अपमान संसद में किया जाता है। शहीद के बेटे तो देशद्रोही और मीरजाफर कहा जाता है। उनकी मां का अपमान किया जाता है। केंद्र सरकार के मंत्री भरी संसद में मां का अपमान करने से नहीं चूकते।
