देश

Bharat Jodo Yatra: 1000 KM पूरा, राहुल ने कभी किया पुशअप तो कभी पानी टंकी पर चढ़ लहराया तिरंगा

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 15, 2022, 10:38 PM IST

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में प्रवेश कर गई। राहुल गांधी की यह यात्रा 37 दिन पूरी कर चुकी है। अभी तक इस यात्रा को समर्थन मिलता दिखा है। साथ ही राहुल गांधी का जोश भी इस यात्रा का आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Image

भारत जोड़ो यात्रा के 1000 किलोमीटर पूरे

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 3570 किलोमीटर की दूरी तय करेगी भारत जोड़ो यात्रा
  • भारत जोड़ों यात्रा को पूरा करने में लगेंगे 150 दिन
  • कन्याकुमारी से कश्मीर तक की जारी है यात्रा

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु से शुरू होकर केरल, कर्नाटक होते हुए आंध्रप्रदेश पहुंच गई है। यहां के बाद यह यात्रा वापस फिर से कर्नाटक में एंट्री करेगी। राहुल गांधी का यह मार्च कांग्रेस को कितना संजीवनी देगा ये तो चुनाव के वक्त ही पता चलेगा, लेकिन अभी की भीड़ बता रही है कि यह यात्रा कांग्रेस की उम्मीदों पर खड़ी उतरी है।

1000 किलोमीटर पूरे

कांग्रेस ने 7 सितंबर को कन्याकुमारी से अपनी 3,570 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत की थी। यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। इस राजनीतिक अभियान को पूरा होने में लगभग 150 दिन लगेंगे। शनिवार को इस यात्रा ने 1000 किलोमीटर की दूरी तय कर ली है। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी लगातार पैदल चल रहे हैं। उनके साथ 100 से अधिक वो यात्री भी हैं, जिनका चुनाव इस यात्रा के लिए किया गया है। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी के कई रूप सामने आए हैं। कभी भारी बारिश में उन्होंने भाषण दिया तो कभी पानी की टंकी पर चढ़कर उन्होंने तिरंगा फहराया। कभी लड़कियां उनकी ओर भागती हुईं आईं और लिपट कर रोनी लगीं तो कभी राहुल, बच्चों के साथ फुटबॉल और पुशअप लगाते दिखे।

बारिश में भाषण

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जब कर्नाटक के मैसूर पहुंची तो उन्हें वहां एक सभा को संबोधित करना था। राहुल जैसे ही सभा को संबोधित करने लगे, बारिश शुरू हो गई। राहुल गांधी ने इस दौरान अपना भाषण बंद नहीं किया और भारी बारिश में भींगते हुए उन्होंने अपना भाषण जारी रखा। इसका वीडियो राहुल ने शेयर करते हुए लिखा- "भारत को एकजुट करने से, हमें कोई नहीं रोक सकता। भारत की आवाज़ उठाने से, हमें कोई नहीं रोक सकता। कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी, भारत जोड़ो यात्रा को कोई नहीं रोक सकता।"

सड़क पर किया पुशअप

कर्नाटक में ही यात्रा के दौरान एक बच्चे के साथ सड़क पर ही राहुल गांधी पुशअप करने लगे। इस दौरान कुछ कांग्रेसी नेताओं ने भी साथ दिया, लेकिन वो जल्द ही हाफने लगे।

पानी की टंकी पर फहराया तिरंगा

राहुल गांधी जब कर्नाटक के चित्रदुर्ग पहुंचे तो उन्होंने पानी की एक टंकी पर चढ़कर तिरंगा फहरा दिया। इस दौरान उनके साथ कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार भी थे। साथ ही कई कार्यकर्ता भी राहुल गांधी के साथ इस टंकी पर चढ़े दिखे।

सोनिया गांधी के जूते के फीते बांधे

भारत जोड़ो यात्रा में सोनिया गांधी थोड़ी देर के लिए शामिल हुईं थी। इसी दौरान सोनिया के जूतों के फीते जब खुल गए तो राहुल गांधी उसे बांधते हुए दिखे। इस घटना का फोटो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article