देश

Red Fort Terror Blast: 'लाल किला आतंकी विस्फोट के जिम्मेदारों को दी जाए कड़ी से कड़ी सजा'; क्वाड देशों ने की मांग

क्वाड देशों ने बीते महीने लाल किले के पास हुई आतंकी घटना के दोषियों को अदालत के कठघरे में लाने की अपील की है। दस नवंबर को हुई इस आतंकी घटना में 15 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए थे।

Image

लाल किला आतंकी विस्फोट (फोटो: canva)

Quad against Terrorism: ‘क्वाड’ देशों ने पिछले महीने दिल्ली में लाल किले के निकट हुई आतंकी घटना को अंजाम देने वालों, इसके मास्टरमाइंड और वित्त पोषकों को अदालत के कठघरे में लाने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देशों से इसमें सहयोग करने की अपील की। राजधानी दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय क्वाड काउंटर टेररिज़्म वर्किंग ग्रुप की बैठक में सभी ने आतंकवाद के सभी रूपों, विशेषकर सीमापार आतंकवाद, को लेकर अपनी स्पष्ट और सख्त स्थिति दोहराई।

बैठक में, क्वाड सदस्य देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के हालिया घटनाक्रम सहित आतंकवाद के खतरे के को लेकर गहन विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद-रोधी सहयोग के सम्पूर्ण आयाम तथा मौजूदा एवं उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए अपनाए जा सकने वाले उपायों पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने आतंकवादियों, आतंकवादी संगठनों और उनके प्रतिनिधियों के बारे में निरंतर सूचना साझा करने के महत्व पर भी जोर दिया।

साथ ही क्वाड ने यह सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र आतंकवाद के खतरों से मुक्त रहे। क्वाड ने बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की।

लाल किला विस्फोट में हुई थी 15 लोगों की मौत

बता दें कि बीते महीने की 10 तारीख की शाम को लाल किले के पास एक सफेद रंग की हुंडई आई20 कार में भीषण धमाका हुआ था। इस घटना में 15 लोगों की मौत भी हो गई। केंद्र सरकार ने इस घटना को आतंकी हमला घोषित किया और जांच UAPA सहित कड़े कानूनों के तहत दर्ज हुई। फिलहाल इसकी जांच NIA, दिल्ली पुलिस कर रही हैं। इस विस्फोट में जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक 'सफेदपोश' आतंकी मॉड्यूल का खुलासा हुआ, जो कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article