Punjab: नवजोत कौर सिद्धू कांग्रेस पार्टी से सस्पेंड, 500 करोड़ वाले बयान पर मचा था बवाल
- Edited by: रवि वैश्य
- Updated Dec 8, 2025, 07:59 PM IST
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने नवजोत कौर सिद्धू को तुरंत प्रभाव से कांग्रेस पार्टी से सस्पेंड कर दिया है बताते हैं कि यह कार्रवाई बढ़ते तनाव के बीच हुई है।
नवजोत कौर सिद्धू कांग्रेस पार्टी से सस्पेंड (फाइल फोटो:canva)
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने एक नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम में नवजोत कौर सिद्धू को तुरंत प्रभाव से कांग्रेस पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई बढ़ते तनाव के बीच हुई है। बताते हैं कि नवजोत कौर सिद्धू लगातार पार्टी के पंजाब के नेताओं के खिलाफ बयानबाजी कर रही थी और 500 करोड़ रुपए में मुख्यमंत्री पद की कुर्सी देने जैसे आरोप भी बिना कांग्रेस पार्टी का नाम लिए लगाए थे।
नवजोत कौर सिद्धू के इस दावे के बाद पंजाब में राजनीतिक तूफान आ गया है कि राज्य में मुख्यमंत्री का पद पाने के लिए कथित तौर पर '500 करोड़ रुपये का सूटकेस' चाहिए। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद दिए गए उनके बयानों से न सिर्फ बीजेपी और AAP ने उन पर तीखे हमले किए हैं, बल्कि उनकी अपनी पार्टी में भी गहरी बेचैनी फैल गई है।
'मैं हैरान हूं कि मेरे सीधे बयान को किस तरह तोड़-मरोड़कर पेश किया गया'
कांग्रेस की नेता नवजोत कौर सिद्धू ने 'मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये' वाले बयान पर राजनीतिक विवाद खड़े होने के बाद सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।कौर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, 'मैं हैरान हूं कि मेरे सीधे बयान को किस तरह तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। मैंने सिर्फ इतना कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने हमसे कभी कुछ नहीं मांगा। जब मुझसे पूछा गया कि नवजोत किसी दूसरी पार्टी से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बन सकते हैं या नहीं, तो मैंने कहा कि हमारे पास मुख्यमंत्री पद के वास्ते किसी को देने के लिए कोई पैसा नहीं है।'
कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को कथित तौर पर कहा था कि 'जो 500 करोड़ रुपये का ‘सूटकेस’ देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।' नवजोत कौर ने शनिवार को पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा था कि अगर कांग्रेस उन्हें पंजाब में पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है, तो उनके पति सक्रिय राजनीति में लौट आएंगे। पंजाब में 2027 में चुनाव होने हैं।
'उनके पास किसी भी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं'
उन्होंने साथ ही कहा कि उनके पास किसी भी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन वे पंजाब को एक 'स्वर्णिम राज्य' बना सकते हैं।राज्य में कथित रूप से बिगड़ती कानून-व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'हम हमेशा पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं…...लेकिन हमारे पास मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के लिए 500 करोड़ रुपये देने को नहीं हैं।'
किसी की ओर से पैसों की मांग किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी ने नहीं मांगे हैं लेकिन 'जो 500 करोड़ रुपये का 'सूटकेस' देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।' भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी ने उनके बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि इससे कांग्रेस की कार्यप्रणाली का 'घिनौना सच' सामने आ गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।