जलंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में शनिवार देर रात छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सोशल मीडिया पर एक छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न और इसके बाद उसकी मौत से जुड़े दावों के सामने आने के बाद शुरू हुआ। बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जुटे और मामले में कार्रवाई की मांग की।
हालांकि, सोशल मीडिया पर किए जा रहे इन दावों की अभी तक पुलिस या यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में कथित घटना और मौत से जुड़ी जानकारी को लेकर आधिकारिक जांच और पुष्टि का इंतजार है।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कैंपस में जुटे छात्र
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि छात्रा का गर्ल्स हॉस्टल क्षेत्र में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न हुआ था। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि इसके बाद छात्रा ने आत्महत्या कर ली। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में यूनिवर्सिटी के एक कर्मचारी पर भी कथित भूमिका के आरोप लगाए गए हैं। इन दावों के सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में एकत्र हुए और मामले की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान हंगामा, हाईवे भी हुआ जाम
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कैंपस में छात्रों के विरोध और कथित झड़पों के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। खबरों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और यूनिवर्सिटी की कुछ संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की बात भी सामने आई है। प्रदर्शन के दौरान जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर भी जाम की स्थिति बन गई। इससे सड़क पर यातायात प्रभावित होने की खबर है।
पुलिस के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन में करीब 2,000 छात्र शामिल हुए थे। प्रदर्शन की शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के पास हुई। इसके बाद छात्रों ने कथित तौर पर कैंपस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, खिड़कियों के शीशे तोड़ने और ईंट व गमले फेंकने की घटनाएं सामने आईं। पुलिस के अनुसार, कैंपस की कुछ इमारतों के हिस्सों में आग भी लगाई गई।
