देश

तमिलनाडु में कुलपति का पद 40-50 करोड़ में बिकता था- पंजाब के राज्यपाल का बड़ा दावा, मान सरकार को दी नसीहत

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 22, 2022, 02:04 AM IST

भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने कहा कि सरकार विश्वविद्यालयों के मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रही है। राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने संविधान की रक्षा करने की शपथ ली थी और उन्हें ऐसा करने से कोई नहीं रोक सकता।

Image

पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित

Photo : ANI

पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने मान सरकार को नसीहत देते हुए एक ऐसा दावा कर दिया है, जिससे एक दूसरे राज्य में हंगामा मच सकता है। पुरोहित ने दावा किया है कि तमिलनाडु में वीसी यानि कि कुलपति की कुर्सी 40-50 करोड़ में बिकती थी।

दरअसल पंजाब से पहले पुरोहित तमिलानाडु के राज्यपाल थे। अब जब पंजाब में वीसी की नियुक्ति को लेकर राज्यपाल और राज्य सरकार में ठनी है, तो उन्होंने ये दावा किया है। पुरोहित ने कहा- “मैं चार साल तक तमिलनाडु का राज्यपाल रहा। वहां बहुत बुरा हाल था। तमिलनाडु में, कुलपति का पद, 40-50 करोड़ में बेचा जाता था।"

आगे पुरोहित ने मान सरकार को नसीहत देते हुए कहा-"जब मैं वहां (तमिलनाडु) राज्यपाल था तब मैंने कानून के अनुसार तमिलनाडु में विश्वविद्यालयों के 27 कुलपतियों की नियुक्ति की थी। उन्हें (पंजाब सरकार) मुझसे सीखना चाहिए कि काम कैसे होता है। मैं यह भी नहीं जानता कि पंजाब में कौन सक्षम है और कौन सक्षम नहीं है। मैं यह देखता हूं कि शिक्षा में सुधार हो।"

पंजाब में विश्वविद्यालयों में नियुक्ति को लेकर जारी विवाद पर राज्यपाल ने कहा कि पंजाब सरकार कह रही है कि राज्यपाल विश्वविद्यालयों के कामकाज में हस्तक्षेप कर रहे हैं। निर्णय लेने की शक्ति राज्यपाल के पास नहीं है। उन्होंने कहा- "राज्य सरकार विश्वविद्यालयों के मामलों में दखल नहीं दे सकती। सरकार ने तीन बार वीसी को एक्सटेंशन के लिए पत्र भेजा, यदि राज्यपाल की नियुक्ति में कोई भूमिका नहीं है, तो विस्तार देने में उनकी भूमिका कैसे हो सकती है?"

पुरोहित ने इससे पहले सीएम मान को पत्र लिखकर लुधियाना के पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में "अवैध रूप से नियुक्त" कुलपति सतबीर सिंह को बिना किसी और देरी के हटाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि कुलपति को "यूजीसी के मानदंडों का पालन किए बिना और चांसलर की मंजूरी के बिना" नियुक्त किया गया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article