बिहार में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को अपने भाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में भाग लिया। इस यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी ने सीधे पीएम मोदी पर हमला बोला और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष पर भैंस चोरी का आरोप लगाया था और अब वो खुद वोट चोरी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास खो चुकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश भर में वोट चोरी की साजिशें रच रही है।
सुपौल में वोटर अधिकारी यात्रा
केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी सुपौल में आयोजित ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं, जहां वे राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ एक खुली एसयूवी में सवार होकर जनता के बीच पहुंचीं। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया और वे हाथ हिला कर जनता का अभिवादन स्वीकार करती रहीं। मधुबनी में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘मोदी जी ने लोकसभा चुनाव के समय कहा था कि कांग्रेस वाले भैंस चुरा लेंगे, लेकिन भैंस तो छोड़ो, उन्होंने आपके वोट ही चुरा लिए।’’
वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा
प्रियंका गांधी ने वोट को लोकतंत्र का सबसे कीमती अधिकार बताया और दावा किया कि भाजपा ने देशभर में न सिर्फ वोट चोरी की साजिशें रची हैं, बल्कि रोजगार, पहचान और अन्य मूलभूत अधिकारों की भी चोरी की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आपके साथ हर स्तर पर चोरी हो रही है। यदि वोट चोरी हो गया तो आपकी पहचान नहीं रहेगी। यह आपकी नागरिकता का आधार है।’’ उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और अपने मताधिकार की रक्षा करने का आह्वान किया। प्रियंका गांधी ने सभा में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा भी लगाया।
