देश

भारत रत्न से सम्मानित हस्तियों को PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि, जानिए किसके लिए क्या बोले

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 30, 2024, 04:19 PM IST

Bharat Ratna: पीएम मोदी ने भारत रत्न से सम्मानित हस्तियों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिंह राव और चौधरी चरण सिंह, बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर और डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन को मरणोपरांत सम्मानित किया।

Image

भारत रत्न सम्मान समारोह।

Photo : Twitter

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए गए लोगों के योगदान की सराहना की और पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिंह राव और चौधरी चरण सिंह सहित अन्य दिग्गजों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न एक ऐसी विभूति को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय और समानता के लिए समर्पित कर दिया।'

कर्पूरी ठाकुर को पीएम मोदी ने बताया मसीहा

उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को समाज के अत्यंत पिछड़े वर्ग के मसीहा के रूप में जाना जाता है और समाज में हाशिये पर खड़े लोगों के उत्थान के लिए उन्होंने अपना बहुमूल्य योगदान दिया। उन्होंने कहा, 'पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए कर्पूरी जी का अथक संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा। उनको भारत रत्न का सम्मान, हमारे समावेशी समाज और संवेदनशीलता के भारतीय मूल्यों का ही सम्मान है।'

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि मंत्री एम एस स्वामीनाथन तथा बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न मरणोपरांत प्रदान किया। राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए।

चौधरी चरण सिंह के लिए क्या बोले पीएम मोदी?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देश के विकास, विशेषकर कृषि और ग्रामीण विकास में उनके अतुलनीय योगदान का सम्मान है। मुझे विश्वास है कि कड़ी मेहनत और जनसेवा के लिए उनकी प्रतिबद्धता हमारी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।' चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया।

PM मोदी ने पीवी नरसिम्हा राव के लिए क्या कहा?

प्रधानमंत्री ने कहा कि पीवी नरसिम्हा राव ने हमारे देश के लिए जो किया है, हर भारतीय उसकी प्रशंसा करता है और गर्व महसूस करता है कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा, 'राव ने हमारे देश की प्रगति और आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया। उन्हें एक सम्मानित विद्वान और विचारक के रूप में भी जाना जाता है। उनके योगदान को हमेशा संजोया जाएगा।' पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए मुर्मू से यह सम्मान उनके पुत्र पी वी प्रभाकर राव ने स्वीकार किया।

स्वामीनाथन के लिए प्रधानमंत्री ने कही ये बात

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन कृषि की दुनिया में एक सम्मानित हस्ती थे और आनुवंशिकी व कृषि विज्ञान के क्षेत्र में उनके अग्रणी कार्य और अनुसंधान के लिए व्यापक रूप से उनकी प्रशंसा की जाती है। उन्होंने कहा, 'उनके उल्लेखनीय योगदान तथा प्रयासों ने भारत को खाद्य उत्पादन में संघर्ष से आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित किया। मैं कामना करता हूं कि उन्हें दिया गया भारत रत्न कृषि और खाद्य सुरक्षा में अनुसंधान करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करे।'

स्वामीनाथन की ओर से उनकी बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर की ओर से उनके बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति मुर्मू से यह पुरस्कार लिया। इस समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। सरकार ने इस साल राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री एल के आडवाणी को भी भारत रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article