भारतीय रेलवे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 25 सितंबर यानी बृहस्पतिवार सुबह नयी दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से मथुरा के पास वृंदावन रोड स्टेशन तक ले जाने के लिए दुनिया की सबसे शानदार ट्रेन में से एक महाराजा एक्सप्रेस का इस्तेमाल करेगा।यह ट्रेन सर्दियों के दौरान उच्च श्रेणी के पर्यटकों के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) द्वारा संचालित की जाती है।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, '18 डिब्बों वाली इस ट्रेन में महाराजा एक्सप्रेस के 12 डिब्बे होंगे, जिनमें एक प्रेसिडेंशियल सुइट, डीलक्स सुइट, रेस्तरां, लाउंज और राष्ट्रपति और उनके कर्मचारियों के लिए पावर कार शामिल होंगी। इसमें रेलवे के वरिष्ठ कर्मचारियों के लिए दो मानक एसी डिब्बे भी होंगे।' उन्होंने बताया, 'निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेन में दो इंजन लगाए जाएंगे। एक इंजन चालू रहेगा, जबकि दूसरा तकनीकी समस्याओं से निपटने के लिए रहेगा।'
सूत्रों ने बताया कि ट्रेन सुबह करीब आठ बजे सफदरजंग स्टेशन से रवाना होगी और करीब 10 बजे वृंदावन रोड स्टेशन पहुंचेगी।राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा, 'दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर, निधिवन और कुब्जा कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। वह वृंदावन में सुदामा कुटी भी जाएंगी और मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान में दर्शन और पूजा करेंगी'
एक अधिकारी ने कहा, 'चूंकि श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर मथुरा जंक्शन के नजदीक स्थित है, इसलिए राष्ट्रपति शाम को वापसी यात्रा के लिए वहां से विशेष ट्रेन में सवार होंगी।'सूत्रों ने बताया कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, स्टेशन मास्टरों, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के कर्मियों तथा अन्य संबंधित कर्मचारियों को पूरे मार्ग पर निर्धारित ड्यूटी के समय उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक और गंतव्य स्टेशन दो अलग-अलग रेलवे जोन उत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के अंतर्गत आते हैं और दोनों जोन को सुचारू और सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए निकट समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने जून 2023 में विशेष ट्रेन से यात्रा की थी, जब वह भुवनेश्वर से ओडिशा के अपने गृहनगर रायरंगपुर गईं थीं।
