देश

VIDEO: राष्ट्रपति मुर्मू ने लूला दा सिल्वा के सम्मान में दी शाही दावत; PM मोदी भी रहे मौजूद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में ब्राजीलियाई राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के सम्मान में शाही दावत दी। इस दावत में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए।

Image

राष्ट्रपति मुर्मू ने लूला डी सिल्वा के सम्मान में दी शाही दावत (फोटो साभार: @PIBIndia)

'India Brazil Ties: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में ब्राजीलियाई राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा का स्वागत किया और उनके सम्मान में दावत दी। इस दावत में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस दौरान, लूला दा सिल्वा ने एक खास संदेश दिया। उन्होंने कहा,"मैडम, आप दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश की राष्ट्रपति बनने वाली दूसरी महिला हैं और पहली ऐसी राष्ट्रपति हैं, जो भारत के आदिवासी समुदाय से आती हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि शिक्षा में निवेश करना किसी देश की किस्मत बदलने का सबसे अच्छा तरीका है।"

राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया धन्यवाद

राष्ट्रपति मुर्मू ने ब्राजीलियाई राष्ट्रपति लूला का स्वागत करते हुए एआई समिट में उनकी भागीदारी और योगदान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने पिछले वर्ष ब्राजील में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit) और COP30 के सफल आयोजन पर भी उन्हें बधाई दी।

Brazil President Luiz Inacio Lula da Silva

ब्राजीलियाई राष्ट्रपति के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में दावत का आयोजन (फोटो साभार: @PIBIndia)

भारत-ब्राजील के बीच बढ़ रहा सहयोग

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश, रक्षा, तेल और गैस, बायो-फ्यूल, कृषि और पशुपालन, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, अंतरिक्ष, विज्ञान एवं तकनीक, डिजिटल सहयोग और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में भी दोनों देशों की मजबूत साझेदारी है, जिसमें पारंपरिक और नवीकरणीय ऊर्जा शामिल हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने ग्लोबल बायोफ्यूल एलायंस के लिए ब्राजील के समर्थन की सराहना की और इंटरनेशनल सोलर एलायंस में दोनों देशों के सहयोग को सकारात्मक बताया।

भारत-ब्राजील के बीच ऐतिहासिक डील

पीएम मोदी और लूला डी सिल्वा के बीच व्यापक वार्ता के बाद, भारत और ब्राजील ने शनिवार को 2030 तक 30 अरब अमेरिकी डॉलर के वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य निर्धारित किया और अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा ट्रंप प्रशासन के पारस्परिक टैरिफ को रद्द करने के निहितार्थों पर भी चर्चा की। मोदी और लूला के बीच व्यापक वार्ता के बाद, दोनों पक्षों ने 9 समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें दुर्लभ पृथ्वी खनिजों के क्षेत्र में सहयोग पर एक समझौता और भविष्योन्मुखी डिजिटल साझेदारी बनाने पर एक समझौता शामिल है।

विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्वी क्षेत्र) पी. कुमारन ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि मोदी और लूला इस बात पर सहमत हुए कि द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक दोगुना करके 30 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाया जाना चाहिए। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा एवं डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना सहित कई अन्य क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने का भी संकल्प लिया, और साथ ही अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति से निपटने के लिए भारत-ब्राजील के बीच गहन रणनीतिक जुड़ाव पर जोर दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ब्राजील इस बात पर एकमत हैं कि आतंकवाद और उसके समर्थक मानवता के 'दुश्मन' हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि दुनिया के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक संस्थाओं में सुधार आवश्यक है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article