देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के जवानों के अदम्य साहस और बेमिसाल पराक्रम को नमन करते हुए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है। इस बार घोषित पुरस्कारों में देश के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले 13 जांबाजों को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा।
मंजूर किए गए इन वीरता पुरस्कारों में 9 'कीर्ति चक्र', 19 'शौर्य चक्र', 5 'बार टू सेना मेडल (वीरता)' और 36 'सेना मेडल (वीरता)' शामिल हैं। गौरतलब है कि 'कीर्ति चक्र' भारत का दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार (अशोक चक्र के बाद) है, जबकि 'शौर्य चक्र' तीसरा सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार माना जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस 2026: एडीजीपी संजीब पांडा समेत ओडिशा के 17 पुलिसकर्मी पदक से सम्मानित, डीजीपी ने जताया गर्व
इन जाबांजों को मिलेगा कीर्ति चक्र
इस साल कीर्ति चक्र पाने वाले जीवित शूरवीरों में 21 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज फ्रांसिस और 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के मेजर जितेंद्र राठी शामिल हैं। इसके अलावा 7 अन्य वीरों को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से अलंकृत किया गया है। मरणोपरांत सम्मान पाने वाले अमर शहीदों में 2 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के हवलदार गजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह व बशीर अहमद, कांस्टेबल जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह व तारिक हुसैन और इंस्पेक्टर सुनील कुमार शामिल हैं।
शौर्य चक्र विजेताओं के नाम
इसी तरह शौर्य चक्र विजेताओं में 36 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर परमवीर, 57 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर तरुण वासुदेवन, 12 डोगरा रेजीमेंट के मेजर केशव कुमार, 21 ग्रेनेडियर्स के मेजर गौरव सिंह बृजवाल, 11 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर विपिन कुमार, 3 असम राइफल्स के नायब सूबेदार शंकर राम और 21 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के नायब सूबेदार डब्बल सिंह बिष्ट शामिल हैं।
इसके अलावा 4 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के हवलदार जगत्तर सिंह, 9 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस नायक नरेंद्र सिंधु (मरणोपरांत), 11 राष्ट्रीय राइफल्स के लांस नायक कपिल देव, 7 सिख लाइट इन्फैंट्री के सिपाही जसविंदर सिंह, भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार और भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर सुधीर कुमार को भी शौर्य चक्र प्रदान किया गया है। पुलिस बलों से डिप्टी एसपी धीरज सिंह कटोच, इंस्पेक्टर अजय सिंह छिब, डिप्टी एसपी सुखवीर सिंह, एएसआई नियाज अहमद, डिप्टी कमांडेंट अंजनी कुमार और कांस्टेबल दीपक साह को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है।
